ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत, डीएफओ ने किया जंगल का मुआयना
ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत डीएफओ ने किया जंगल का मुआयना
जागरण संवाददाता, स्वार : जंगल से चारा लेने गए किसान को तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत है। इससे संबंधित समाचार प्रकाशित होने पर डीएफओ ने मौके पर तेंदुए के पंजे के निशान चेककर जंगल में कांबिग की। तेंदुए की दहशत से किसान जंगल जाने से कतरा रहे हैं।
सोमवार को मसवासी चौकी क्षेत्र के चाऊपुरा निवासी अली हुसैन चारा लेने के लिए गांव कुंदनपुर के जंगल गए थे। शाम को चारा काट कर वापस आते समय किसान ने कुंदनपुर मार्ग पर गन्ने के खेत से तेंदुए को निकलते हुए देखा। वह घबरा गए और चारा फेंककर छिपते हुए घर पहुंचे। परिजनों समेत ग्रामीणों जंगल में तेंदुआ होने की जानकारी दी, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण जंगल जाने से कतराने लगे और बच्चों के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी। सूचना मसवासी पुलिस समेत वन कर्मियों को दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा।
मंगलवार को दैनिक जागरण में समाचार प्रकाशन प्रमुखता से होने पर डीएफओ एके कश्यप दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। जंगल में कांबिग की। डीएफओ को तेंदुए के पंजे के निशान दिखाई दिए, जिस पर उन्होंने वन कर्मियों को सुरक्षा की ²ष्टि से चौकसी बरतने के साथ तेंदुए को पकड़ने के निर्देश दिए। तेंदुए के डर के कारण खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं।
डीएफओ ने बताया कि जंगल में कांबिग की गई है। तेंदुए के पंजे के निशान मिले हैं। वन कर्मियों को चौकसी बरतने के साथ ही तेंदुए को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों को दिखाई देने पर तुरंत अवगत कराने को कहा है।