लालपुर में अस्थाई पुल का निर्माण फिर से शुरू
रामपुर टांडा में कोसी नदी पर अस्थाई लालपुर पुल के निर्माण की शुरुआत बुधवार को हो गई।
रामपुर: टांडा में कोसी नदी पर अस्थाई लालपुर पुल के निर्माण की शुरुआत बुधवार को हो गई। पुल एक सप्ताह में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने से क्षेत्र के लाखों लोगों को काफी राहत मिलेगी।
लालपुर कोसी पुल 46 साल से खराब है। लगातार मांग के बावजूद स्थाई पुल का निर्माण नहीं हो रहा है। क्षेत्र के लोग इससे जूझ रहे हैं। प्रशासन ने अस्थाई पुल बनवा दिया था, जो पिछले माह बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया। इससे लोगों के सामने समस्या खड़ी हो गई। इसके निर्माण के लिए लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। जिला अधिकारी रविद्र कुमार मांदड़ ने भी इसका निरीक्षण किया। उनके निर्देश पर सेतु निगम के अधिकारियों ने बुधवार की सुबह अस्थाई पुल निर्माण कार्य आरंभ करा दिया। इसके लिए मार्ग तैयार करने को मिट्ठी का भराव कर समतल किया जा रहा है। अस्थाई पुल के निर्माण होने से टांडा नगर समेत क्षेत्र के सौ गांवों के लाखों लोगों को काफी राहत मिलेगी। जिला मुख्यालय सहित कोर्ट, कालेज जाने वाले छात्रों तथा कृषि आदि से संबंधित कार्यों से आर पार आने वाले किसानों को राहत मिलेगी।
----------- बलजीत सिंह का कहना है कि उनके गांव इमरता से जिला मुख्यालय रामपुर का करीब 45 किमी का रास्ता है। पुल बंद होने से वाया सैदनगर या फिर स्वार होकर जाने में समय अधिक लगता है। परेशानी भी बढ़ जाती है। अस्थाई पुल बनने से राहत मिलेगी।
----------- खालिद हसन कहना है कि कई दशकों से क्षतिग्रस्त लालपुर का कोसी पुल न बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थाई पुल निर्माण की समस्या का समाधान होना जरूरी है। इस पर राजनीति करने के बजाए गंभीरता से विचार करना चाहिए। फिलहाल अस्थाई पुल से भी राहत मिलेगी।
---------- हारुन प्रधान का कहना है कि क्षतिग्रस्त पुल के कारण कारोबार ठप हो गया है। यातायात की समस्या बनी रहने से लोगों को रामपुर जाने में परेशानी होती है। अस्थाई पुल के लिए काम चालू हुआ है। इससे भी कुछ राहत मिलेगी।
--------
मुहम्मद तलहा का कहना है कि लालपुर का कोसी पुल हर नेता बनवाने का आश्वासन देकर अपना पल्ला झाड़ लेता है। प्रशासन भी अपना काम पूरा करता है। इसके बावजूद स्थाई पुल निर्माण न होना लोगों के लिए समस्या बना हुआ है। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए।