कांग्रेसियों ने याद किए पंडित नेहरू
कांग्रेसियों ने याद किए पंडित नेहरू
जागरण संवाददाता, रामपुर : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस दौरान कार्यालय पर सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें सबने उनके बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव धर्मेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू वह नाम है, जिसके लिए परिचय की आवश्यकता नहीं। वह देश के सच्चे सेवकों में से एक थे। गुलामी के दौरान अंग्रेजों द्वारा भारतीयों के साथ किए जा रहे बुरे व्यवहार से वह बहुत व्यथित होते थे। उन्होंने इंग्लैंड का स्वतंत्र वातावरण देखा था। उसकी तुलना में भारत दीन-हीन मालूम पड़ता था। जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद वह स्वयं को रोक न सके और स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन से जुड़ने का निश्चय कर लिया। 1917 में वह होम रुल लीग में शामिल हो गए। राजनीति में उनका असल प्रवेश दो साल बाद 1919 में हुआ, जब वह महात्मा गांधी के संपर्क में आए। उस समय महात्मा गांधी ने रॉलेट अधिनियम के खिलाफ अभियान शुरू किया था। नेहरु महात्मा गांधी से बहुत प्रभावित थे। उन्होंने उनके उपदेशों के अनुसार अपने परिवार को भी ढाल लिया था। आज उनके योगदान को हम भुला नहीं सकते। हमें प्रयास करना चाहिए कि उनके जैसे महापुरुषों के पदचिह्नों पर चलें और समाज को नई दिशा प्रदान करने में कुछ योगदान दें। नगर अध्यक्ष मामून शाह खां, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नोमान खां, एसके अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, आमिर मियां, फैसल हसन, एजाज खां, अब्दुल जब्बार खां, शेराज मियां, आमिर कुरैशी, ताबिश खां व रहमान अली आदि रहे।