दिनभर आसमान में छाये रहे बादल, बूंदाबांदी से बढ़ी सर्दी
रामपुर : जनपद में बूंदाबांदी से सर्दी बढ़ गई। मौसम के बदलते मिजाज के चलते लोग गरम कपड़ों में लिपटे नजर आए।बुधवार को सवेरे से ही आसमान में बादल छाये थे।
रामपुर : जनपद में बूंदाबांदी से सर्दी बढ़ गई। मौसम के बदलते मिजाज के चलते लोग गरम कपड़ों में लिपटे नजर आए।बुधवार को सवेरे से ही आसमान में बादल छाये थे। दोपहर होते-होते बादल गहरा गए। इससे जनपद में शहर समेत कई स्थानों पर बारिश हो गई।
मौसम की पहली बारिश से गेहूं की फसल को काफी फायदा पहुंचा। साथ ही मटर और लहसुन आदि समेत कई फसलों के लिए यह बारिश वरदान साबित हुई है। बारिश होने से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई है। बारिश का आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ा है। धूप न निकलने और बूंदाबांदी से ठंड बढ़ गई। दोपहर में कई स्थानों पर बारिश हुई। इसी दौरान स्कूलों की छुट्टी हुई तो बच्चे भी भीग गए। बारिश के बाद से ठिठुरन बढ़ गई है। बारिश और बादलों के चलते तापमान भी गिर गया। मौसम की पहली बारिश को सभी फसलों के लिए लाभकारी बताया जा रहा है।बढ़ती सर्दी के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। शहर में शाम के समय चहल-पहल अन्य दिनों के मुकाबले कम रही। मौसम के बदले मिजाज के चलते लोग घरों में दुबके रहे। वहीं सर्दी से बचने के लिए लोग सिर पर टापा लगाए रहे। मौसम ठंडा होने के कारण रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर भी कम यात्री पहुंचे। रोडवेज की बसें तो पूरी तरह भर भी नहीं पाईं। ठंड बढ़ने के कारण गरीब तबका परेशान है, लेकिन शहर में अभी अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की गई है।