महंगाई रोकने में केंद्र सरकार नाकाम : वारसी
रामपुरभारतीय किसान यूनियन अंबावता के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ वारसी ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह से असफल साबित हो गई है।
रामपुर: भारतीय किसान यूनियन अंबावता के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ वारसी ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह से असफल साबित हो गई है। केंद्र सरकार को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। हमारे देश से सस्ता डीजल पेट्रोल नेपाल में बिक रहा है, जबकि बहुत सारा तेल हमारे ही देश से नेपाल जा रहा है। बुधवार को वह आंबेडकर पार्क में हुई पंचायत में बोल रहे थे।
हनीफ वारसी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसान मजदूरों को बर्बाद करने की रणनीति बना रही है। केंद्र सरकार ने जो कृषि कानून बनाकर किसानों को बर्बाद करने का काम किया है, उसकी वजह से पूरी दुनिया यहां की सरकार की आलोचना कर रही है। सरकारों की नीतियां मनमानी हिटलर शाही है। पेंशन बुढ़ापे की लाठी होती है, जो सरकार ने छीन ली। सांसदों और विधायकों को मिलने वाली सेलरी पेंशन बंद होनी चाहिए, क्योंकि विधायक, सांसद, मंत्री कोई गरीब नहीं है। पेंशन के हकदार अधिकारी व कर्मचारी हैं। देश की सेवा करने वालों की पेंशन सरकार ने रोककर एक मनमानी का संदेश दिया है। इस देश का किसान मजदूर ही अब तानाशाही शासन को बदलेगा। एक मार्च को किसानों की महापंचायत संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले रुद्रपुर में होगी और 14 मार्च को किसानों की महापंचायत संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बिलासपुर में होगी। लोग अब डीजल पेट्रोल की महंगाई पर चुप रहने वाले विधायक एवं मंत्रियों का बहिष्कार करें। गन्ना किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान समय से नहीं किया जा रहा है, फिर भी सरकार चुप्पी साधे है। पंचायत की अध्यक्षता प्रदेश मंत्री कामरान शाह खान ने और संचालन जिला संयोजक हारून खान ने किया। इस मौके पर मक्खन सिंह चौहान, जगतार सिंह, रईस अहमद, आरिफ अली, शाकिर अली, फैसल, राजू ,सफदर अली, लतीफ अहमद ,सदीक अहमद, हड़ताल सिंह यादव, सफी अहमद आदि मौजूद रहे।