तमंचा दिखाकर बदमाशों ने महिला के जेवर लूटे, विरोध पर पीटा
अजीमनगर थाना क्षेत्र की घटना मुरादाबाद की रहने वाली है महिला पति के साथ मायके आई थी
जागरण संवाददाता, सैदनगर : पति के साथ मायके आई महिला को तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। बदमाश महिला के जेवर लूटकर फरार हो गए। महिला मुरादाबाद जिले के थाना भगतपुर अंतर्गत निवाड़ का मझरा गांव की शिक्षा पत्नी विजयपाल है। उसका मायका अजीमनगर थाना क्षेत्र के बढ़पुरा शुमाली गांव का है। डेढ़ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। बुधवार को वह पति के साथ बाइक से रामपुर दवा लेने आई थी। दवा लेने के बाद वह पति के साथ मायके माता-पिता से मिलने चली गई। रास्ते में उसने स्वजनों को फोन किया तो पता चला कि वे खेत पर हैं। इस पर महिला भी पति के साथ खेत की ओर जाने लगी। बहादुरगंज गांव के पास रास्ते में तीन बदमाशों ने दंपती को रोक लिया। तमंचा दिखाकर लूटपाट करने लगे। पति की जेब में रखे लूटने के बाद महिला के जेवर छीने लगे। महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की। बदमाशों की पिटाई से वह बेहोश हो गई। बदमाश उसके जेवर लेकर भाग गए। जानकारी मिलने पर स्वजन वहां पहुंच गए। उसे जिला अस्पताल ले आए।
अजीमनगर थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि घटना की सूचना मिल गई है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मांगी है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। देर रात में एएसपी अरुण कुमार ने बताया कि मामला लूट का नहीं है, बल्कि होश में आने पर महिला ने जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक पति ने ही महिला का पीटा और घटना को लूट का रंग देने का प्रयास किया।