किसानों के मौलिक अधिकार खत्म कर रही भाजपा
रामपुर कांग्रेस के राष्टीय सचिव एवं यूपी के सह प्रभारी सचिन नायक ने कहा कि भाजपा किसानों के मौलिक अधिकार खत्म कर रही है।
रामपुर: कांग्रेस के राष्टीय सचिव एवं यूपी के सह प्रभारी सचिन नायक ने कहा कि भाजपा किसानों के मौलिक अधिकार खत्म कर रही है। वह गुरुवार को धमौरा में कांग्रेस के जय जवान-जय किसान अभियान के शुभारंभ पर बैठक में बोल रहे थे।
नायक ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि पीछे मत हटिए, कांग्रेस की सरकार आने पर तीनों कृषि कानूनों को रद्द किया जाएगा। उन्होंने कहा सरकार सरकारी मंडियों को खत्म करने की कोशिश में है। सरकार सब कुछ बेचना चाहती हैं। उन्होंने कहा इन कानूनों से सिर्फ कुछ लोगों को फायदा होगा। उन्होंने कहा किसानों को देशद्रोही कहने वाले कभी देशभक्त नहीं हो सकते। पीएम के 56 इंच के सीने में छोटा सा दिल है, जो किसानों के लिए नहीं अपने खरबपति दोस्तों के लिए धड़कता है। उन्होंने कहा जिसने रेलवे बेच दिया, कई सरकारी उपक्रम बेच दिए उस पर अब देशवासी भरोसा नहीं कर सकते हैं। गन्ना किसानों की बात करते हुए कहा कि किसानों का 15 हजार करोड़ रुपये भुगतान नहीं दिया गया। 16 हजार करोड़ में अपने लिए दो जहाज खरीद डाले और 20 हजार करोड़ रुपये संसद भवन के सुंदरीकरण के लिए खर्च कर रहे हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर ने कहा जबसे मोदी सरकार आई है तब से हर वर्ग का उत्पीड़न हो रहा है। कभी नोटबंदी के नाम पर पूरे देश को लाइन में लगा दिया तो कभी गलत कानून बनाकर लोगों को सड़क पर आंदोलन करने के लिए मजबूर कर दिया। आजादी के बाद पहली बार किसानों को आतंकवादी कहा जा रहा है, खालिस्तानी कहा जा रहा है। यह देश के लिए दुर्भाग्य है। कार्यक्रम की अध्यक्षता •िालाध्यक्ष धर्मेन्द्र देव गुप्ता और संचालन युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नोमान खां ने किया।
इस मौके पर प्रदेश महासचिव ब्रह्मस्वरूप सागर, प्रदेश महासचिव अली यूसुफ अली, शहर अध्यक्ष मामून शाह खां, चौधरी शमीम अय्यूब ,जिवेंद्र गंगवार,जगदीश अवस्थी,भगवानदास राठौर,विवेक गंगवार, दुर्गेश मौर्या, महेन्द्र यदुवंशी आदि मौजूद रहे।