मस्जिदों के आसपास सतर्क रही पुलिस, जुर्माना भी वसूला
बेवजह घूमने वाले व्यक्तियों पर पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : जुमे की नमाज के दौरान पुलिस सतर्क रही। दोपहर में नगर में फ्लैग मार्च किया। लोगों से मस्जिदों के बजाय अपने-अपने घरों में नमाज अदा करने की अपील की।
लॉकडाउन तीसरे दिन बाजार पूरी तरह बंद रहा। इसके अलावा मार्ग पर आवाजाही करने वाले व्यक्तियों से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। उपजिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सीओ जयराम ने पुलिसकर्मियों के साथ मुख्य चौराहे से होकर गुजरने वाले वाहनों को रोक-रोककर जानकारी प्राप्त की। बाद में अधिकारियों ने लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने को लेकर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। लॉकडाउन के दौरान बेवजह मार्गों पर घूमने वाले व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग भी किया। वहीं दूसरी ओर सुरक्षा के मद्देनजर रखते हुए मुख्य चौराहे पर तहसीलदार अशोक कुमार, नायब तहसीलदार शरद सिंह, कोतवाल माधो सिंह बिष्ट, कस्बा चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह मेहरा, उपनिरीक्षक गुरविदर कौर आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उधर दोपहर के समय एसडीएम एवं सीओ के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस समेत अन्य कर्मचारियों ने शहर में फ्लैगमार्च किया। इसके साथ ही अधिकारियों ने नगर भ्रमण के दौरान बाजारों को बंद करवाया। मस्जिदों के इमामों से भी बात की। अधिकारियों ने शहर की मस्जिदों के इमामों से मुलाकात कर लोगों को जागरूक करने का आहवान किया। उन्होंने लोगों से कहा कि समाज के लोग किसी भी काम के लिए घर से बाहर न निकलें। अपने-अपने मकानों में ही नमाज अदा करें। मस्जिद में केवल पांच लोगों को नमाज पढ़ने का आदेश है। इसी बीच पुरानी तहसील मार्ग स्थित बाजार वाली मस्जिद, खजूरो वाली मस्जिद, सैय्यादों वाली मस्जिद, जामा मस्जिद, अमलताश वाली मस्जिद अन्य मस्जिदों में पांच-पांच लोगों ने ही जुमे की नमाज अदा की। अधिकांश मस्जिदों में चार-पांच लोगों ने ही अदा की नमाज
टांडा : जामा मस्जिद में जामा मस्जिद खतीब मौलाना जमील के साथ अन्य तीन लोग ही मौजूद रहे। इसी प्रकार अन्य मस्जिदों में भी यही स्थिति रही। मुहल्ला यूसुफ में मस्जिद खाम कच्ची मस्जिद में पांच लोगों से अधिक नमाजियों की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीएम गौरव कुमार, तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार शिव प्रकाश, अधिशासी अधिकारी राजेश सिंह राना, कोतवाली प्रभारी दुर्गा सिंह, आदि फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। नमाजियों को पकड़ लिया। इसी बीच जामा मस्जिद इमाम मौलाना जलीस अहमद भी पहुंचे। मौलाना जलीस अहमद के आग्रह पर सभी के नाम पते आदि नोट करके प्रत्येक से पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूला। अगली बार कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। इसके बाद अधिकारियों ने मुहल्ला मस्जिद कोहना, समनदीन आदि में घरों के बाहर खड़ी लोगों की पिटाई की। बाद में जनता से प्रशासन की अपील पर अमल करने अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी। स्वार में अजान हुई लेकिन घरों में अदा की गई जुमे की नमाज
स्वार : देश में लॉकडाउन के सरकार के फैसले का पालन करते हुए मस्जिदों में इमाम द्वारा अजान तो लगाई जा रही है, लेकिन जुमे की नमाज घरों पर ही अदा की। वहीं एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता व सीओ ब्रहमपाल सिंह, तहसीलदार रणविजय सिंह, नायब तहसीलदार राजेश शर्मा, कोतवाल मनोज कुमार कर्मचारियों के साथ ही नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण किया। उन्होंने कोरोना वायरस से उपाय की जानकारी देने के साथ ही लोगों से घरों में रहने की अपील की। सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर पुलिस ने डंडे फटकारे। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर प्रशासन व पुलिस मुस्तैद रही।