दढि़याल, सैफनी और नरपतनगर बनीं नगर पंचायत, प्रशासक तैनात
जिले की सैफनी दढियाल और नरपतनगर ग्राम पंचायतों केअधिकार खत्म हो गए हैं।
रामपुर, जेएनएन। जिले की सैफनी, दढियाल और नरपतनगर ग्राम पंचायतों के अधिकार खत्म हो गए हैं। इनके स्थान पर नगर पंचायत बन गई हैं। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने उपजिलाधिकारियों को ही प्रशासक के रूप में तैनात कर दिया है। इससे लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
सपा शासनकाल में ही इन तीनों को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की गई थी। ग्रामीणों में विकास की उम्मीद जागी थी, लेकिन बन नहीं सकीं। लोगों में मायूसी छा गई थी। प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद फिर नगर पंचायत बनाने की अधिसूचना जारी हुई। सरकार ने आठ माह पूर्व नगर पंचायत बनाने की घोषणा कर दी थी। ग्रामीणों को चहुंमुखी विकास की आस जागी थी। जिलाधिकारी ने अब नरपतनगर में स्वार के एसडीएम, दढि़याल में टांडा के एसडीएम और सैफनी में शाहबाद के एसडीएम को प्रशासक का कार्यभार सौंपा है।
स्वार: नरपतनगर में एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता टीम के साथ पहुंचे। निरीक्षण शुरु कर दिया, जिसे देख ग्रामीण खुश हो उठे। एसडीएम ने नगर पंचायत का अस्थाई कार्यालय ओवरहैंड टैंक के आवास को बनाया है। नगर पंचायत का परिसीमन शुरु होने पर पंचायत के अध्यक्ष पद के दावेदारों ने अपनी-अपनी बैठकों पर मिठाई बांटी। प्रधान मकसूद खां व पूर्व प्रधान खालिद अली ने कहा कि नगर पंचायत बनने से गांव का चहुंमुखी विकास होगा। एसडीएम ने बताया की नगर पंचायत का अस्थाई कार्यालय बनाया गया है। केमरी ईओ देवेश कुमार को ईओ का चार्ज दिया गया है।