अजय सागर बसपा से निष्कासित
रामपुर पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ पंचायत चुनाव लड़ने पर पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सागर को बसपा से निष्कासित कर दिया गया है।
रामपुर : पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ पंचायत चुनाव लड़ने पर पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सागर को बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इनके अलावा रामस्वरूप के खिलाफ भी निष्कासन की कार्रवाई की गई है। अजय सागर का कहना है कि पैसे के लालची नेता पार्टी को बर्बाद करने में लगे हैं। इनकी शिकायत बसपा प्रमुख मायावती से करेंगे।
बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सागर ने प्रेस को जारी बयान में कहा है कि जिला पंचायत के वार्ड सात से कुबरा अंसारी चुनाव लड़ रही हैं। इसी वार्ड से पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सागर भी चुनाव लड़ रहे हैं। यह पार्टी अनुशासन के खिलाफ है। उच्च निर्देश के अनुसार अजय सागर को पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
इसी तरह वार्ड 33 से विमला देवी पार्टी प्रत्याशी है। यहां बसपा के सेक्टर महासचिव रामस्वरूप भी चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा प्रमुख मायावती का फोटो लगाकर मतदाताओं को गुमराह कर रहे हैं। इस अनुशासनहीनता के लिए इन्हें भी पार्टी से निष्कासित किया जाता है। इनके खिलाफ अग्रिम कार्रवाई भी की जाएगी। इससे पहले वार्ड एक से चुनाव लड़ रहे रमेश गौतम के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिलाध्यक्ष थाने में तहरीर दे चुके हैं और जिलाधिकारी को भी कार्रवाई के लिए लिखा है।
पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सागर का कहना है कि कुछ नेता लालच में आकर पार्टी को बर्बाद करने में लगे हैं। दलित समाज के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। पूरे प्रकरण से बसपा प्रमुख मायावती को अवगत कराया जाएगा। दलितों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।