बहन को परेशान करने पर नाबालिग भाई ने दोस्तों की मदद से की थी हत्या
रामपुर सिविल लाइंस पुलिस ने दो दिन पहले युवक की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है।
रामपुर : सिविल लाइंस पुलिस ने दो दिन पहले युवक की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। हत्या के आरोप में दो नाबालिग को गिरफ्तार किया है। दोनों 15 से 15 साल के हैं। इनका एक साथी अभी फरार है। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि एक आरोपित की बहन को युवक परेशान करता था। इसके चलते उसने दो दोस्तों की मदद से उसकी हत्या कर दी। उसे बहाने से तीनों बाइक पर बैठाकर जंगल में ले गए। वहां उसे शराब पिलाई और बाद में चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों हत्यारोपितों को किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें मुरादाबाद बच्चा जेल में भेज दिया।
मृतक सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मझरा रायपुर गांव का अनूप पुत्र अमर सिंह था। उसकी लाश 28 फरवरी को तीन किलोमीटर दूर पंजाबनगर गांव के जंगल में गेहूं के खेत में मिली थी। पिता की ओर से पुलिस ने मृतक के गांव के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मृतक के स्वजनों ने पुलिस को बताया था कि अनूप 27 फरवरी की शाम को गांव के तीन लोगों के साथ बाइक पर गया था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। अगले दिन उसकी लाश मिली थी। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि हत्या की घटना में शामिल मझरा रायपुर गांव के दो किशोरों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने हत्या करना कुबूल किया है। दोनों नाबालिग हैं। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो चाकू बरामद कर लिए हैं। इनका तीसरा साथी फरार है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि अनूप अक्सर एक आरोपित की चचेरी बहन को बहुत परेशान कर रहा था। इस पर उसे जान से मारने की योजना बनाई। पहले तीनों उसे शराब पिलाने के बहाने घर से बाइक पर अपने साथ ले गये थे। पंजाबनगर गांव में ईंट के भट्ठे के पास गेहूं व बरसीम के खेत में तीनों ने उसे शराब पिलाई। उसके बाद बहन को परेशान न करने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इस पर तीनों ने मिलकर चाकू से वार करके उसकी हत्या कर दी। लाश को उसी खेत में छिपा दिया था।