पुलिस टीम पर हमला करने वाला 25 हजार का इनामी पकड़ा
स्वार पुलिस पर हमला करने वाले 25 हजार के इनामी बदमाश जुनैद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
स्वार, जासं : पुलिस पर हमला करने वाले 25 हजार के इनामी बदमाश जुनैद को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान किया है। वह दो वर्ष से फरार चल रहा था। दो वर्ष पूर्व ईद पर गोकशी की सूचना पर अजीमनगर पुलिस ने जुनैद के घर पर छापामार कार्रवाई की थी। जिस पर उसके स्वजनों की पुलिस से काफी नोकझोंक हुई थी। मामला इतना बढ़ा कि जुनैद ने स्वजन के साथ पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान फायरिग भी की गई थी। तब पुलिस को उल्टे पैर गांव से भागना पड़ा था। सूचना उच्चाधिकारियों को दी थी। तब बड़ी संख्या में फोर्स गांव पहुंची थी। लेकिन, आरोपित घर छोड़ कर फरार हो गए थे। 24 आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर 22 आरोपितों को गिरफ्तार जेल भेज दिया गया था। दो आरोपित फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने इनाम भी घोषित कर दिया था। कोतवाली प्रभारी रूम सिंह बघेल के अनुसार उसे थाना अजीमनगर के गांव खंडिया के चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे आरोपित की तालाश में दबिश दी जा रही है।