शहर में दो बंद घरों से 13 लाख की चोरी
गंज कोतवाली क्षेत्र की घटना सीओ सिटी ने किया मुआयना।
जागरण संवाददाता, रामपुर : शहर में चोरों ने दो बंद मकानों को निशाना बनाकर नकदी और जेवर समेत 13 लाख का माल समेट लिया। सीओ सिटी ने घटनास्थल का मुआयना किया। चोरी की दोनों वारदात गंज कोतवाली क्षेत्र में हुईं। इनमें एक घटना मुहल्ला घेर सरबदाल खां पक्का बाग दाल मिल की है। यहां गौहर बाबर अपने बच्चों के साथ रहती हैं। उनके पति बाबर खां का निधन हो चुका है। दो दिन पहले वह बच्चों के साथ मुरादाबाद मायके गई थीं। शनिवार को चोरों ने उनके बंद मकान के ताले तोड़ लिए। चोर घर में रखी नकदी और जेवर समेट कर ले गए। रविवार सुबह आसपास रहने वालों ने मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा तो उन्हें फोन पर जानकारी दी। वह वापस आईं। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि चोर 24 तौले सोने के जेवर और 20 हजार रुपये ले गए हैं। चोरी माल की कीमत 12 लाख से ज्यादा है। घटना की सूचना पर गंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी विद्या किशोर ने भी मौका मुआयना किया। गंज पुलिस को मुकदमा दर्ज कर चोरों को शीघ्र पकड़ने के निर्देश दिए। चोरी की दूसरी वारदात मुहल्ला कोतवालान आम वाली मस्जिद की है। यहां राजस्व कर्मी की बहन के घर से चोरों ने नकदी और जेवर समेत एक लाख का माल साफ कर दिया। मुहल्ले में रहने वाली जाकिरा बेगम के पति असलम खां का निधन हो चुका है। उनका मायका शाहबाद का है। कुछ समय से वह मायके में रह रही थी। उनके भाई राजस्व कर्मी फरीद खां मकान की देखभाल करते थे। वह अक्सर बीच-बीच में यहां आ जाते थे। शनिवार को भी वह रामपुर आए थे, लेकिन बहन के घर रुकने के बजाय अपनी ससुराल पुराना गंज चले गए। रविवार सुबह 10 बजे वह बहन के घर आए तो कमरों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा था। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले वह यहां आए थे तो सब ठीक था। इसी दौरान चोरी की घटना हुई है। चोर 11 हजार रुपये, एक सोने का सेट, अंगूठी आदि सामान और कागजात ले गए हैं। सोने के जेवर करीब दो तौले वजन के थे। चोरी की तहरीर जाकिरा बेगम के मुहल्ले में ही रहने वाले रिश्ते के भाई एवं अपना दल के नेता समीर खां मोनिस की ओर से दी गई है।