मारपीट और पत्थरबाजी के 12 आरोपित गिरफ्तार
जागरण संवाददाता रामपुर सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव में दो पक्षों के बीच चले
जागरण संवाददाता, रामपुर : सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव में दो पक्षों के बीच चले लाठी-डंडे और पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों ओर से छह-छह लोगों की गिरफ्तारी कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। गांव में बुधवार को दोनों पक्षों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था। दोनों अलग-अलग संप्रदाय के हैं। गांव में शुरु हुआ झगड़ा सड़क तक आ गया था। गांव के बाहर बाईपास पर भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई। लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ था। इससे बाईपास पर जाम लग गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ा था। पुलिस के आने पर सभी फरार हो गए थे। तब पुलिस ने दारोगा सुरजीत सिंह की ओर से 34 के खिलाफ बलवा, मारपीट, जानलेवा हमला करने, जाम लगाने, 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमे में 16 को नामजद भी किया था। रात में पुलिस ने इनकी तलाश में दबिश दी। मुकदमे की विवेचना कर रहे ज्वालानगर चौकी प्रभारी ओम शुक्ला ने बताया कि दोनों ओर से छह-छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक पक्ष के जाकिर, फईम, छोटे, यासीन, फिरासत और शकील हैं। दूसरे पक्ष की ओर से लाखन, बिजेंद्र, राहुल, फौजी, राजेश और नैपाल हैं। इन सभी को जेल भेज दिया है। बाकी फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।