शारदा नहर में डूबा युवक, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
रायबरेली : अमावां में मिल एरिया के खसपरी गांव के पास शुक्रवार की शाम शौच करने गया युवक शारदा नहर में डूब गया। शनिवार की सुबह तक गोताखोर न आने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और रायबरेली-अयोध्या राजमार्ग जाम कर दिया। करीब आधे घंटे बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट और सीओ मौके पर पहुंची। उनके समझाने पर ग्रामीण माने और हाईवे पर आवागमन बहाल हो गया। इस बीच करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा।
मूलरूप से हरचंदपुर के सरावां निवासी हिमांशू बचपन से अपने मामा बबलू पटेल के घर खसपरी में रह रहा था। शुक्रवार की देर शाम संदिग्ध हालात में वह नहर में डूब गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर रेखा सिंह मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से नहर में युवक की खोज कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात में कई जगह गोताखोर बुलाने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन वे नहीं मिले। ग्रामीण ही हिमांशू की खोजबीन करते रहे। रात में पुलिस ने बताया कि एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) या फिर गोताखोरों को सुबह बुलाया जाएगा। सुबह नौ बजे तक जब कोई नहीं आया तो ग्रामीणों ने रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर जाम लगा दिया। मामले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुभाष यादव और सीओ सिटी वंदना सिंह मौके पर पहुंची। उन्होंने आनन-फानन गोताखोर बुलाए और नहर में डूबे युवक की खोज शुरू कराई, तब जाकर ग्रामीण हाईवे से हटे। करीब 11 बजे राज्य आपदा मोचन बल की टीम भी पहुंच गई और नहर में युवक को खोजना शुरू कर दिया। हालांकि, देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चल सका।
सीओ सिटी वंदना सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम न आने के कारण ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे। उन्हें समझाया गया तो जाम खुल गया। युवक की तलाश की जा रही है।