कुश्ती तो किसी ने लंबी छलांग में दिखाया दम
रायबरेली : नागपंचमी के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्साहित खिलाड़ियों ने पूरे मनोयोग से कुश्ती, कूद और दौड़ में दमखम का प्रदर्शन किया।
लालगंज के नोखे राय मजरे बेहटा कला में भैरम बाबा कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 12 वर्ष आयु वर्ग में सैदापुर के रोशन ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं श्रवण दूसरे और अभय तीसरे स्थान पर रहे। 12 से 16 वर्ष में लक्ष्य पहले, शुभम दूसरे और अतुल तीसरे, बालिका वर्ग में खुशी सिंह ने पहला, अंजू ने दूसरा और शिवानी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 16 से अधिक आयु वर्ग में महेंद्र, सत्येंद्र और सौरभ क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। आयोजक राजेश प्रताप सिंह ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। अध्यक्षता लोकतंत्र सेनानी राधा कृष्ण तिवारी, क्षेत्रीय मंत्री भाजपा युवा मोर्चा विक्रांत सिंह, राकेश सिंह भदौरिया, अनंत विजय सिंह आदि मौजूद रहे। कुम्हड़ौरा स्थित मां काली मंदिर परिसर में कूद प्रतियोगिता में देवेश ने पहला, आदित्य ने दूसरा, अमित ने तीसरा स्थान हासिल किया। कुश्ती में पलटी खेड़ा के कैलाश और उन्नाव के विजय के बीच कांटे की टक्कर हुई, जो बराबर रही। इसके अलावा हरीपुर के कलाम ने लखनऊ के गोवर्धन को शिकस्त दी। ऋतुराज सिंह, जगदीश सिंह, युवराज सिंह, अजय प्रताप सिंह चौहान, राजद नेता अशोक सिंह रामपुरी, पूर्व विधायक अशोक सिंह, ग्राम प्रधान भैरो सिंह, बबलू सिंह ,राजू सिंह, आदि मौजूद रहे।
बालिका कुश्ती देखने उमड़े लोग
संवादसूत्र, खीरो : पाहो में बालक, बालिका कुश्ती और लंबी कूद का आयोजन किया गया। बालिका वर्ग कुश्ती में रोशनी ने हिमांशी, रचना ने आंचल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में रोशनी ने रचना को हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। लंबी कूद में ऊषा ने पहला, अमिता ने दूसरा, आंचल ने तीसरा, सुलतानपुर के रहबर ने पहला, ऐंधी के प्रदीप कुशवाहा ने दूसरा, आदित्य सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर कनक बहादुर सिंह, प्रधान राम सिंह, विनोद सिंह, धुन्नी सिंह, प्रवीण सिंह आदि मौजूद रहे।
रामाशीष बने दंगल केसरी
संसू, डलमऊ : मुहल्ला चौरासी में दंगल का उद्घाटन समाजसेवी ओम नारायण गुप्ता ने किया। इसमें बनारस के रामाशीष पहलवान ने महोबा के पहलवान प्रमोद कुमार को पराजित कर दंगल केसरी पर कब्जा जमाया। विजेता को ओम नारायण गुप्ता ने पुरस्कृत किया। दूसरे स्थान पर पहलवान प्रमोद कुमार को नीरज जायसवाल ने सम्मानित किया। नगर पंचायत अध्यक्ष पंडित बृजेश गौड़, आयोजक फेम्बुल शुक्ला, केके यादव, संजय श्रीवास्तव, परुन यादव आदि मौजूद रहे।