अबकी महराजगंज में दारोगा ने खोया आपा, अपशब्दों की बौछार
संसू, महराजगंज (रायबरेली) : डीह में पुलिसिया तांडव अभी लोगों की जुबां पर है। बेकसूर पीट
संसू, महराजगंज (रायबरेली) : डीह में पुलिसिया तांडव अभी लोगों की जुबां पर है। बेकसूर पीटे, धमकाए और पकड़े छोड़े जा रहे हैं। 36 घंटे थाने में बिताने के बाद बेगुनाह नाबालिग बड़ी मुश्किलों से पुलिस के चंगुल से छूटा। खाकी की किरकिरी कराने वाली इस घटना को अभी 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि महराजगंज से पुलिस की भद्द पिटाने वाली एक और खबर आ गई। यहां जांच के दौरान आपा खोए एक दारोगा ने महिलाओं के सामने ही अपशब्दों की बौछार कर दी। इसका वीडियो वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया।
मामला ताजुद्दीनपुर गांव का है। बताते हैं कि गांव की एक महिला ने अपने पड़ोसियों पर घर में घुसकर छेड़खानी करने का आरोप लगाया था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने इसकी पड़ताल शुरू की। महराजगंज कोतवाली के दारोगा सुरेंद्र कुमार गुप्ता अपने हमराही के साथ अक्टूबर महीने में गांव पहुंचे थे। वहां आरोपित राम सेवक के घर गए, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। उसकी पत्नी और मां घर पर थीं। दारोगा ने महिलाओं से राम सेवक को कोतवाली में हाजिर होने की बात कही। इस दौरान किसी बात को लेकर दारोगा का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। गुस्साए दारोगा ने अपशब्दों की बौछार शुरू कर दी। वह यह भी भूल गए कि महिलाओं के सामने खड़े होकर गाली-गलौच कर रहे हैं। दारोगा ने महिलाओं के साथ अपशब्द ही नहीं कहे, बल्कि उन्हें उनकी हैसियत भी याद दिलाई। इसके बाद चलते बने। इस पूरे दृश्य को वहां मौजूद किसी ग्रामीण ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। यह वीडियो वायरल हुआ तो कोतवाली पुलिस में खलबली मच गई। इस संबंध में महराजगंज के सीओ गोपी नाथ सोनी ने कहा कि महराजगंज कोतवाली में तैनात दारोगा सुरेंद्र कुमार द्वारा एक महिला से दुर्व्यवहार करने की शिकायत मिली है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। जांच शुरू कर दी गई है। दोषी मिलने पर दारोगा पर कार्रवाई भी की जाएगी।