अक्टूबर का वीडियो वायरल, जाड़े में गर्म हुआ होमगार्ड विभाग
रायबरेली मौसम तीखा है ठिठुरन बढ़ी है। मगर एक विभाग बिना हीटर-गीजर के ही गर्मा गया
रायबरेली : मौसम तीखा है, ठिठुरन बढ़ी है। मगर, एक विभाग बिना हीटर-गीजर के ही गर्मा गया है। जिले के होमगार्ड महकमे में यह गर्मी एक वीडियो क्लिप ने पैदा की है। हालांकि है तो यह गांधी जयंती के दिन का। लेकिन बनाने वाले ने इसे दो दिन पहले ही सोशल मीडिया पर बेपर्दा किया। आखिर इतने वक्त तक यह प्रकरण दबा क्यूं रहा, यह भी बड़ा सवाल है। कहीं लेटलतीफी का कारण सौदेबाजी तो नहीं?
सोशल मीडिया पर शनिवार से ही एक वीडियो नाच रहा था। 2.51 मिनट का यह वीडियो दो अक्टूबर का है। इसमें कमांडेंट एक मातहत पर बिफरे दिखाई दे रहे हैं। उनकी नाराजगी कर्मचारी के बिना बताए कार्यालय से गायब रहने से थी। पारा इतना चढ़ा कि कर्मचारी को मार कर जमीन में गाड़ने की धमकी देने से भी नहीं चूके। एक तरफ मातहत क्षमा याचना करता रहा, तो साहब उस पर बेमुरव्वत दिखे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद विभाग में खलबली है।
आखिर ढाई महीने बाद क्यों?
वीडियो में जिस तरह मातहत से बर्ताब किया गया उसे भी किसी तरह सही नहीं कहा जा सकता। लेकिन, इसी के साथ इस बात की भी पड़ताल जरूरी है कि आखिर मामला ढाई महीने दबाए क्यों रखा गया। अगर, किसी को अफसर से नाराजगी थी तो तत्काल इसी वीडियो के सहारे उच्चाधिकारियों तक शिकायत करनी चाहिए। कमांडेंट के व्यवहार के साथ इस बिदु पर भी जांच होनी चाहिए।
एडिट कर बनाया वीडियो
जिला होमगार्ड कमांडेंट बृजेश मिश्रा ने बताया कि दो अक्टूबर को एक कर्मचारी लेट आया था। राष्ट्रीय पर्व पर उसके देर से आने पर पूछताछ की थी। लेकिन, जिस तरह वीडियो में दिखाया गया है, वैसा कुछ नहीं हुआ। उस दिन के ²श्य का वीडियो बनाकर उसे एडिट करके पेश किया जा रहा है।