आधी रात से भोर तक बिजली को तरसे 10 हजार शहरी
प्रगतिपुरम उपकेंद्र के टाउन-प्रथम फीडर में आई तकनीकी खराबी दुरुस्त करने में हो गई सुबह
रायबरेली : शहर के 10 हजार लोग मंगलवार की आधी रात से बुधवार की सुबह तक बिजली को तरसते रहे। इसकी वजह उपकेंद्र में आई तकनीकी खराबी थी। हालांकि, कर्मचारियों की टीम भी जुटी रही। लेकिन, एक दिक्कत दूर होती तो दूसरी खड़ी हो जाती। इसी में सात घंटे बीत गए।
बिजली विभाग के प्रगतिपुरम उपकेंद्र के टाउन प्रथम फीडर से जुड़े इलाके पूरी रात अंधेरे में रहे। रात करीब तीन बजे बिजली गुल हुई थी। हालांकि, इसकी जानकारी उपकेंद्र के कर्मचारियों को हो गई थी। लेकिन, लगातार हो रही बारिश लाइन में आई खराबी की पड़ताल में बाधक बनी रही। बरसात रुकी तो लाइन की पड़ताल शुरू हुई। इसके बाद भी उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिली। क्योंकि लाइन में एक खराबी ठीक होती तो दूसरी खड़ी हो जाती। अंत में उपकेंद्र के अंदर लगी फीडर की ट्रॉली में गड़बड़ी आ गई। सुबह करीब नौ बजे तक अभियंता और कर्मचारी पसीना बहाते रहे, तब कहीं जाकर आपूर्ति बहाल हुई।
इन इलाकों में गुल रही बिजली
निराला नगर, नया पुरवा, शक्ति नगर, सत्य नगर, डिग्री कॉलेज चौराहा समेत अन्य कई इलाकों में लगभग 10 हजार की आबादी को मुश्किलें उठानी पड़ी। घरों में लगे इनवर्टर ने कुछ देर तो साथ दिया। फिर वह भी ठप हो गए। जिसके बाद उमस ने सोने नहीं दिया। रही-सही कसर मच्छरों ने पूरी कर दी।
कोट
उपकेंद्र और लाइन में तकनीकी खराबी के कारण प्रगतिपुरम के टाउन प्रथम फीडर की आपूर्ति बाधित थी। जिसे दुरुस्त कर बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है।
-ओपी सिंह, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड प्रथम