शिक्षा संग सिखाए जा रहे स्वस्थ रहने के गुर
योग के जरिए छात्रों को फिट रखने की कवायद
रायबरेली: कोरोना महामारी के दौर में बच्चों को शिक्षा देने के साथ स्वस्थ रखना भी जरूरी है। उच्च प्राथमिक विद्यालय हमीरी पट्टी में शिक्षक इस दिशा में पहल कर रहे। योगाभ्यास के जरिए बच्चों को फिट रखने के गुर सिखा रहे हैं।
उक्त विद्यालय में प्रधानाध्यापक गुंजन वर्मा की निगरानी में बच्चों को योग सिखाया जा रहा है। शिक्षक अरुण सिंह व इंद्रमणि शुक्ल भी पूरे मनोयोग से जिम्मेदारी निभा रहे हैं। शनिवार के दिन बच्चों को प्रार्थना के बाद योगाभ्यास कराया जाता है। यही नहीं, उन्हें योग के तरीके और लाभ भी बताए जाते हैं। नतीजतन अब छात्र खुद योग की क्लास के लिए उत्सुक रहते हैं। शिक्षक बताते सूर्य नमस्कार के 12 चरण
शिक्षक छात्रों को सूर्य नमस्कार के 12 चरणों को करके बताते हैं। बच्चों को ताड़ासन, वृक्षासन, भ्रामरी, सिघासन, तितली आसन, कपालभाति, आदि आसन सिखाए जाते है। साथ ही इन आसनों से होने वाले लाभ के बारे में भी बताया जाता है। योग के दिन ज्यादा आते बच्चे
विद्यालय में 105 बच्चे नामांकित हैं। आम तौर पर लगभग 50 से 55 बच्चे ही विद्यालय आते हैं। जिस दिन विद्यालय में योग कराया जाता है, उस दिन संख्या करीब 75 से 80 रहती है। छात्र सज्जन, सतीश, अनामिका, रागिनी, आंचल, अंशिका ने बताया कि योग करना अच्छा लगता है। हम लोग घर पर भी सुबह उठकर योग करते है। छात्रों को बताया जाता कि वे सुबह खाली पेट योग करके स्वस्थ रह सकते हैं। कोविड-19 के इस दौर में अनुलोम विलोम से प्राण वायु के स्तर में सुधार कर सकते हैं। एकाग्रता के साथ मस्तिष्क का सही संतुलन बना सकते है।
गुंजन वर्मा, प्रधानाध्यापक