भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, जमकर हुई धक्का मुक्की
रायबरेली आतंकवाद और राजस्थान सरकार का पुतला फूंकने निकले भाजपाइयों की कांग्रेस काय
रायबरेली: आतंकवाद और राजस्थान सरकार का पुतला फूंकने निकले भाजपाइयों की कांग्रेस कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई। दोनों ओर से नेताओं और पदाधिकारियों के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई। इस बीच मौके पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उदयपुर में हुई घटना से आक्रोशित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सुपर मार्केट से दीवानी न्यायालय के मुख्य गेट तक जुलूस निकाला। कचेहरी रोड पर राजस्थान सरकार और आतंकवाद का पुतला फूंकने की तैयारी थी। इसी बीच कुछ युवक पुतला लेकर कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन में घुसने लगे। वहां मौजूद कांग्रेस के शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव, आशीष द्विवेदी आदि ने उन्हें ऐसा करने से रोका, जिस पर दोनों तरफ से झड़प और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद सोनिया गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए तो कांग्रेसियों ने उनके पुतले पर पानी डाल दिया और भाजपा के शीर्ष नेताओं के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक हंगामा और धक्का मुक्की होती रही, लेकिन वहां मौजूद पुलिस वालों ने हस्तक्षेप नहीं किया। बाद में भाजपाइयों ने पुतला जलाने की कोशिश की, लेकिन पानी पड़ जाने की वजह से उसमें आग नहीं लग सकी। कांग्रेस प्रवक्ता विनय द्विवेदी ने कहा कि भाजपा के कुछ लोगों ने कांग्रेस कार्यालय में घुसने की कोशिश की, जिन्हें रोका गया। पुलिस की मौजूदगी में ये सब हुआ। अराजकता करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा के मीडिया प्रभारी विजय वाजपेयी ने कहाकि कांग्रेसी जबरन हमसे उलझे और पुतला फूंकने से कार्यकर्ताओं को रोकना चाहा। जिसके चलते विवाद हुआ।