नवविवाहिता ने आग लगा कर ली खुदकुशी
कीर्ति के चाचा छेदीलाल ने बताया कि नौ जुलाई को उनकी भतीजी अपनी ससुराल गई। जहां उसके साथ अजय ने मारपीट की।
रायबरेली : शनिवार की सुबह नवविवाहिता ने खुद पर केरोसीन डालकर आग लगा ली। लखनऊ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के घरवालों ने उसके ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
जोहवानटकी गांव की कीर्ति (23) का विवाह नवंबर 2019 में घुरवारा निवासी अजय कुमार के साथ हुआ था। पति-पत्नी के बीच अच्छी नहीं जमती थी। कीर्ति के चाचा छेदीलाल ने बताया कि नौ जुलाई को उनकी भतीजी अपनी ससुराल गई। जहां उसके साथ अजय ने मारपीट की। जिस पर भतीजी ने अपने भाई को फोन लगाया और दस जुलाई को अपने घर आ गई। शनिवार की सुबह उसने केरोसीन डालकर खुद को आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसको लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान कीर्ति की मौत हो गई। उसके घरवालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने की बात लिखकर कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल श्रीराम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।