एक सामुदायिक शौचालय तैयार, 19 और बनने का इंतजार
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन से की जल्द कार्य शुरू कराने की मांग
रायबरेली : अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल ने शहर के सुपर मार्केट में सामुदायिक शौचालय बनने पर खुशी जताई है। इसके लिए नगरपालिका और जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। साथ ही चिन्हित अन्य 19 स्थानों पर शीघ्र कार्य शुरू कराने की मांग की।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्त ने बताया कि इस समस्या को संगठन लगातार उठाता आ रहा है। इसका संज्ञान लेकर नगर पालिका परिषद द्वारा यह कार्य कराया गया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष त्रिलोचन सिंह छाबड़ा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका को 20 स्थानों पर शौचालय निर्माण के लिए जगह चिन्हित करके दी गई थी। एक बन चुका है। जल्द ही अन्य सामुदायिक शौचालयों का निर्माण भी कराया जाए ताकि व्यापारियों व दूसरे शहरवासियों को समस्या से निजात मिल सके। इस मौके पर राजेश अग्रवाल, चंद्र प्रकाश गुप्त, महेंद्र अग्रवाल, अवतार सिंह छाबड़ा, प्रभाकर गुप्त, सोनू वर्मा आदि उपस्थित रहे।