दिव्यांग किसान को पानी में डुबोकर मार डाला
- गिरवी जमीन पर धान रोपने को लेकर हुआ विवाद महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
रायबरेली : थाना डीह क्षेत्र के पूरे जुगराज मजरे खुरहटी गांव में शुक्रवार की दोपहर दिव्यांग किसान को पानी में डुबोकर मार डाला गया। हत्या की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है। पुलिस ने महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के पूरे बक्सी मजरे खुरहटी निवासी कंधईलाल ने पूरे जुगराज निवासी जयराम को कई वर्ष पहले 15 हजार रुपये देकर उसकी करीब दस बिसवा जमीन गिरवी रख ली थी। कंधई लाल ही उस जमीन पर खेती किसानी करता था। लगभग ढाई माह पहले जयराम की मौत हो गई। जिसके बाद उस जमीन जयराम के भांजे जागेश्वर व अन्य लोगों ने कर लिया। शुक्रवार को जागेश्वर अपने परिवारजनों के साथ उसी खेत में धान की रोपाई करने लगा। दोपहर करीब एक बजे कंधईलाल का भाई उदयराज खेत पहुंचा और जागेश्वर को धान रोपने से रोका। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जागेश्वर, रज्जन, बबलू, आशीष और जागेश्वर की पत्नी जमुना ने दिव्यांग उदयराज को खेत में भरे पानी में डुबो-डुबोकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उदयराज को सीएचसी पहुंचाया मगर, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
किसान की हत्या की सूचना पर एएसपी नित्यानंद राय, सीओ सलोन रामकिशोर भी मौके पर आए और तहकीकात की। थानाध्यक्ष जेपी यादव ने बताया कि जमीन के विवाद में वारदात हुई है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।