प्रवासियों को डरा रहा दिल्ली में कोरोना कहर
रोडवेज की बसों में बढ़ी यात्रियों की भीड़
रायबरेली : कोरोना अभी गया नहीं है। यह बात अलग है कि यहां हालात पहले से कुछ बेहतर हुए हैं। दिल्ली में एक बार इसका कहर बढ़ने लगा। इसका खौफ इस कदर है कि रोजगार के लिए गए लोग फिर वापस आने लगे हैं।
बुधवार को जिले में कोरोना के 29 नए मरीज मिले। पहले से पॉजिटिव मिले 34 लोग स्वस्थ हुए हैं। इन्हें कोविड अस्पतालों से घर भेज दिया गया है। खास बात यह है कि जिले में महामारी का असर कुछ कम हुआ है तो दिल्ली में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। लॉकडाउन के बाद से घर बैठे लोग यहां से वापस जा रहे हैं तो, वहां पर रह रहे लोगों ने घर लौटना शुरू कर दिया है। परिवहन निगम की दिल्ली के लिए चलने वाली बसों में खचाखच भीड़ इस बात का प्रमाण है। स्थिति यह है कि पहले जहां इक्का-दुक्का बसें जाती थीं, वहीं दीपावली के बाद से लगातार 10 से 15 बसें चलाई जा रहीं हैं। रायबरेली डिपो के संचालन प्रभारी पंकज अंबेश ने बताया कि 18 नवंबर की दोपहर तक नौ बसें भेजी जा चुकी हैं।
पालिका अध्यक्ष और सिटी मजिस्ट्रेट ने किया निरीक्षण रायबरेली : देर शाम सिटी पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट युगराज सिंह ने अध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश श्रीवास्तव, विधायक प्रतिनिधि कमल श्रीवास्तव, ईओ बालमुकुंद मिश्र के साथ सई नदी के राजघाट के पास निरीक्षण किया। इस दौरान तैयारियों की हकीकत देखी। पालिका अध्यक्ष ने गुरुवार तक पूरी व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। कहा कि किसी कीमत पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नगर मजिस्ट्रेट ने पालिका अफसरों से पूजास्थल के आसपास साफ-सफाई बेहतर ढंग से कराने को कहा।