तेज बारिश के बीच कड़की बिजली, किसान की मौत
रायबरेली : रविवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। दोपहर बाद तेज बारिश शुरू हुई। इस दौरान लालगंज में मवेशी चरा रहे एक शख्स की मौत हो गई। बारिश से कई मुहल्लों में जलभराव हो गया। पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही।
कई दिनों से बादल तो छाए रहते थे, लेकिन हल्की बारिश होकर ही छट जाते थे। रविवार सुबह से उमस बढ़ गई। दोपहर बाद तेज बारिश शुरू हुई। करीब दो घंटे तक बारिश से प्रकाश नगर, नया पुरवा, कृष्णा नगर, मलिकमऊ, जवाहर विहार कालोनी, कैलाशपुरी, सुभाष नगर, सोनिया नगर, छोटा घोसियाना समेत कई मुहल्लों में जलभराव हो गया। काफी देर तक लोग घरों से नहीं निकल सके। मुहल्लों की नालियां गंदगी से पटी हैं, जिससे पानी सड़कों से बह रहा है। पुलिस लाइंस चौराहे के पास काफी पुराना नीम का पेड़ बारिश के दौरान गिर गया। इससे बिजली के तार टूट गए और मुहल्ले की बिजली गुल हो गए। करीब तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। बारिश होने से किसानों की धान की फसल को काफी फायदा पहुंचा है। लालगंज : अवस्थीपुर मजरे हसनापुर गांव निवासी रामेश्वर अपनी पत्नी रामेश्वरी के साथ बकरी चरा रहे थे। उनके साथ शिव सागर, सचिन समेत अन्य लोग भी मवेशी चरा रहे थे। बारिश के दौरान बिजली गिरने से रामेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रामेश्वरी व सचिन मामूली रूप से झुलस गए। चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हवाएं भरपूर नमी लिए हुए हैं, कभी भी बारिश की गतिविधियां होने के पूरे आसार हैं।