उप डाकघर की तिजोरी का टूटा ताला, तहकीकात में जुटी पुलिस
- नवंबर के प्रथम सप्ताह में इसी डाकखाने में हो चुकी वारदात
रायबरेली : उप डाकघर को एक बार फिर चोरों ने निशाना बनाने की कोशिश की। मंगलवार की सुबह ड्यूटी पर आए पोस्ट मास्टर ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। पुलिस घटना की तहकीकात में जुट गई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले के जल्द खुलासे की कोशिश में है।
कस्बा स्थित उप डाकघर में मंगलवार की भोर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। मेन गेट का ताला तोड़कर चोर तिजोरी तक पहुंच गए और उसका लॉक भी तोड़ डाला। तिजोरी में नकदी न होने के कारण चोरों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा। सुबह जब प्रभारी पोस्ट मास्टर एचआर यादव ड्यूटी करने पहुंचे तो वारदात की जानकारी हुई। उन्होंने अपने उच्चाधिकारियों संग पुलिस को इसकी जानकारी दी। सीओ राम किशोर और कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पोस्टमास्टर ने बताया कि सोमवार को जो भी नगदी आई थी, उसे उन्होंने कोतवाली स्थित उप डाकघर में जमा करा दिया था। पूर्वी डाक निरीक्षक अभिषेक सोनी भी घटना की पड़ताल करने पहुंचे। उन्होंने प्रभारी पोस्ट मास्टर की सूझबूझ पर उनकी तारीफ की।
नवंबर में हुई थी लाखों की चोरी
इसी उप डाकघर में छह और सात नवंबर की रात चोरों ने करीब तीन लाख रुपये पार कर दी थी। पुलिस अभी उस वारदात की तहकीकात में जुटी थी कि दोबारा चोरों ने इसी उप डाकघर को निशाना बनाने की कोशिश की। वर्जन,
चोरों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है।
पंकज त्रिपाठी, प्रभारी कोतवाल सलोन