मारपीट में घायल ग्रामीण की मौत, मुकदमा दर्ज
शुक्रवार को दो पक्षों में हुई थी मारपीट पुलिस ने एक आरोपित को दबोचा
रायबरेली : शुक्रवार को नटई मजरे कोटवा में रास्ता विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में घायल ग्रामीण की मौत हो गई। उसका प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं दोनों पक्षों से 12 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के नतई मजरे कोटवा में रास्ता विवाद को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों से चार घायल हो गए थे। इसमें पुलिस ने एक पक्ष से आठ के खिलाफ व दूसरे पक्ष से चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मारपीट में गुरचरण की हालत गंभीर थी। उसे शिवगढ़ सीएचसी के डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। लेकिन ट्रामा सेंटर में भर्ती न होने के कारण घायल का इलाज मोहनलालगंज के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा था। उधर, गांव में तनातनी के माहौल को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई थी। सोमवार की शाम को घायल गुरचरण की मौत हो गई। थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि गांव में पुलिस बल तैनात है। गुरचरण के मौत के 8 आरोपितों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द बाकी आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।