अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, बदमाश गिरफ्तार
सूरजपुर गांव के निकट पावर हाउस के बगल में चल रहा था असलहा बनाने का काम
रायबरेली: पुलिस ने मंगलवार को अवैध असलहा फैक्ट्री का राजफाश किया है। एक बदमाश गिरफ्त में आया है, जिसके पास से भारी मात्रा में असलहा बनाने की सामग्री बरामद की गई है।
कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि नई बस्ती मजरे पखरौली निवासी संतोष सोनकर लंबे समय से असलहा बनाने का काम कर रहा है। पुलिस ने दबिश देकर उसे सूरजपुर गांव के पास से रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। संतोष के पास दो निर्मित और दो अर्द्धनिर्मित तमंचे सहित असलहा बनाने की सामग्री मिली है। वह दो से तीन हजार रुपये में असलहा बेचता था। राजफाश में दारोगा संजय सिंह, रमेश सिंह, चौकी इंचार्ज डलमऊ सुनील वर्मा की अहम भूमिका रही।
ऊंचाहार में भी फैक्ट्री का राजफाश
ऊंचाहार पुलिस ने भी अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। रिसाल का पुरवा गांव के प्रदीप कुमार को तीन निर्मित, दो अर्द्धनिर्मित तमंचे व असलहा बनाने के सामान के साथ पकड़ा गया है। इस पर प हले से सात केस दर्ज हैं और गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है।
पुलिस ने पकड़ा 1.40 क्विंटल गांजा
संवादसूत्र, डलमऊ: सोमवार की रात गंगा पुल पर वाहन चेकिग के दौरान पुलिस ने 1.40 क्विंटल गांजा पकड़ लिया। एक गांजा तस्कर भी हत्थे चढ़ा है। नशा कारोबारी ये नशीला पदार्थ सुलतानपुर में बेचने की फिराक में थे।
एसओजी से मिली प्रारंभिक सूचना के आधार पर पुलिस ने गंगा पुल पर चेकिग लगाई थी, तभी उसे ये सफलता हाथ लगी। हाथरस के नगला जगराम थाना सादाबाद के रामकुमार को गांजा के साथ पकड़ा गया है। उसने बताया कि गांजा उड़ीसा से सस्ते दाम पर खरीदा गया था। इसे सुलतानपुर और आसपास के जनपदों में बेचा जाना था। राजफाश में कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी अमरेश त्रिपाठी की अहम भूमिका रही।