387 गांवों में नई सरकार ने संभाली कमान
रायबरेली तंबू-कनात की चिता थी न खान-पान के इंतजाम की फिक्र। फूल-माला और जयकार भी दरकि
रायबरेली : तंबू-कनात की चिता थी न खान-पान के इंतजाम की फिक्र। फूल-माला और जयकार भी दरकिनार। बड़े ही खामोशी के साथ 387 गांवों में नई सरकार ने बागडोर संभाल ली। कुछ ने सामूहिक रूप से जबकि कुछ ने ऑनलाइन शपथ ग्रहण कर गांवों में बगैर भेदभाव विकास कराने का संकल्प लिया।
जिले में कुल 988 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव पिछले महीने हुआ था। कोरम पूरा न होने के कारण 341 ग्राम पंचायतों का शपथ ग्रहण तो पहले ही टल गया था। 641 ग्राम पंचायतों में प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई जानी थी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मंगलवार का दिन इसके लिए निर्धारित किया गया था। पूर्व में ब्लॉक स्तर पर ही समारोहपूर्वक सभी को एक साथ शपथ दिलाई जाती थी, लेकिन कोरोना के संकट को देखते हुए अबकी बार वर्चुअल शपथ ग्रहण की व्यवस्था की गई थी। ब्लॉक स्तर से बीडीओ समेत अन्य नामित अफसरों को ऑनलाइन शपथ दिलानी थी, लेकिन सिर्फ 387 गांवों में ही यह प्रक्रिया पूरी हो सकी। बताते हैं कि भीड़ से बचने के लिए खंड विकास अधिकारियों ने लक्ष्य को घटाकर 50 फीसद कर दिया था। इसके चलते सभी जगह शपथ ग्रहण नहीं हो सका।
कहां कितनी ग्राम पंचायतों में हुआ शपथ ग्रहण ब्लॉक - कुल ग्रापं - संगठित ग्रापं - ली शपथ
राही - 73 - 53 - 35
अमावां - 55 - 43 - 20
सतांव - 50 - 29 - 15
हरचंदपुर - 56 - 38 - 20
बछरावां - 53 - 35 - 25
शिवगढ़ - 43 - 40 - 22
महराजगंज - 53 - 43 - 26
लालगंज - 54 - 24 - 17
खीरों - 60 - 34 - 23
सरेनी - 81 - 31 - 16
डलमऊ - 76 - 39 - 27
दीनशाह गौरा - 43 - 24 - 24
जगतपुर - 39 - 32 - 16
ऊंचाहार - 54 - 43 - 28
रोहनिया - 26 - 19 - 15
सलोन - 86 - 48 - 24
डीह - 40 - 35 - 18
छतोह - 44 - 31 - 16
इनकी भी सुनें
कोरोना संकट को देखते हुए खंड विकास अधिकारियों ने 50 फीसद ग्राम पंचायतों में ही शपथ ग्रहण कराया है। जो ग्राम पंचायतें बचीं हैं, वहां बुधवार को शपथ दिलाई जाएगी। अगर, कहीं कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन नहीं हुआ है तो इसे दिखवाया जाएगा।
सूर्यबक्श सिंह एडीपीआरओ