कोरोना से चार लोगों की मौत, 264 संक्रमित
- ठंडी चीजों से परहेज पौष्टिक आहार का करें सेवन
रायबरेली : कोरोना संक्रमित चार लोगों की मौत हो गई है। गुरुवार को एकाएक संक्रमितों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई और ये आंकड़ा 264 तक पहुंच गया। 386 लोगों ने महामारी को मात दी है। सक्रिय केस घटकर 1492 बचे हैं।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि संक्रमण का दौर अभी चरम पर है। सुरक्षा नियमों का अनुपालन बेहद जरूरी है। लाकडाउन की वजह से मरीजों की संख्या में कमी जरूर आई है, लेकिन मौतों का सिलसिला अभी चल रहा है। जरा भी लापरवाही न बरतें। घर पर रहें और मास्क जरूर लगाएं। काढ़ा पिएं, तीन बार भाप लें। दिनभर में तीन से चार लीटर गुनगुना पानी पिएं। पौष्टिक आहार का सेवन करें। ठंडी चीजों को खाने से परहेज करें। जरा सी लापरवाही आपकी जान पर भारी पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन को लेकर लोग संजीदा नहीं हो रहे हैं। इस माह भी औसतन 30 फीसदी लोग ही टीकाकरण के लिए पहुंच रहे हैं। कोरोना रोधी वैक्सीन की दो डोज लगाने वाले काफी बेहतर स्थिति में हैं। उन्हें दोबारा संक्रमण हुआ भी तो वे बहुत जल्दी ठीक भी हो गई। दूसरी लहर में संक्रमण फेफड़ों में ज्यादा फैल रहा है। इसीलिए मास्क लगाने, गरम पेय पदार्थ पीने और भाप लेने की सलाह दी जा रही है।
कोरोनारोधी वैक्सीन लगाने में मनमानी का आरोप रायबरेली : सीएचसी में कोरोनारोधी वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों को दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। तीन घंटे इंतजार के बाद ही वैक्सीन लग पा रही है। स्थानीय लोगों ने स्टाफ पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।
वैक्सीन लगवाने पहुंचे कुंवर बहादुर सिंह, गंगागुलाम, राजू सिंह ने बताया कि सुबह 8.30 बजे आधारकार्ड जमा करा लिया गया। आरोप लगाया कि चहेतों का पंजीकरण कर वैक्सीनेशन कराया जाता रहा। पहले से बैठे लोगों को तीन घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। करीब 11.50 बजे वैक्सीन खत्म होने की बात कह दी गई। इसका लोगों ने विरोध किया तो दूसरे अस्पताल से वैक्सीन लाकर लगाई गई। डॉ. रजनीश गुप्त ने बताया कि जो लोग आ रहे हैं, वैक्सीन लगाई जा रही है। आरोप निराधार हैं।