शहर में मिले कोरोना के चार नए मरीज
सुल्तानपुर के युवक की बेटी और ससुराल के दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं तेलियाकोट की एक युवती भी संक्रमित मिली। जो कि लखनऊ में निजी अस्पताल में भर्ती है।
रायबरेली : शुक्रवार को भी शहर में कोरोना के चार नए मरीज मिले हैं। इनमें से एक महिला का इलाज लखनऊ में एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बाकी तीन को एलपीएस क्वारंटाइन केंद्र से एल-1 हॉस्पिटल रेयान इंटरनेशनल में भर्ती कराया गया है। अच्छी बात ये है कि इस बीमारी की चपेट में आए और 18 लोग स्वस्थ हो गए हैं। अब सक्रिय मामले 18 ही बचे हैं।
सुल्तानपुर का एक युवक मुंबई से सीधे अपनी ससुराल शहर के अलीमियां कॉलोनी आ गया था। उसने स्वयं अस्पताल जाकर जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। अब उसकी बेटी और ससुराल के दो लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है। अभी तक इन लोगों को क्वारंटाइन केंद्र एलपीएस में रखा गया था। अब इन्हें रेयान इंटरनेशनल स्कूल में बने कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं शहर के तेलियाकोट की एक युवती ने लखनऊ में निजी पैथालॉजी में जांच कराई थी। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आने पर युवती को लखनऊ के विकास नगर में एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। जनपद में अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 117 हो गई है। इनमें से 96 लोग स्वस्थ्य होकर घर जा चुके हैं। तीन लोगों की मौत हुई है, जिनको कोरोना के अलावा दूसरी बीमारियां भी थीं। जिले से 5122 सैंपल अब तक भेजे जा चुके हैं। जिनमें से 4572 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
पाहो के दोनों मरीज स्वस्थ
खीरों के पाहो गांव में तीन कोरोना के मरीज मिले थे। इनमें से एक पहले स्वस्थ्य होकर घर जा चुका था। शेष दोनों युवकों की रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। इसके अलावा देवानंदपुर के सात मरीज स्वस्थ हो गए हैं। प्रगतिपुरम, बछरावां, भीतरगांव, टेकरिया जगतपुर, कोरौली दमा डलमऊ और अलीमियां कॉलोनी में मिले एक-एक मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। नसीराबाद के तीन लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है।