सिर पर थी बेटी की शादी, तंगी से परेशान होकर किसान ने लगा ली फांसी
रायबरेली के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक किसान ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
रायबरेली, जेएनएन। रायबरेली के थाना क्षेत्र के गोविंदपुर मजरे सराय मानिक में रविवार रात खेत की रखवाली करने निकले किसान ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। 19 फरवरी को उसकी बेटी की शादी के लिए तिलक जाना था। दो मार्च को शादी नियत थी। आर्थिक तंगी के कारण किसान के खुदकुशी करने की बात सामने आ रही है।
मूलरूप से रामनगर मजरे दिलावलपुर निवासी त्रिभुवन पिछले 20 वर्षों से अपने ननिहाल गोङ्क्षवदपुर में रह रहा था। उसने दो शादियां की थी। पहली पत्नी चंद्रकली से तीन बच्चे आशीष (23) विकास (20) व शुभी (19) हुए। चंद्रकली की मौत लगभग 18 वर्ष पहले हो गई। बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए त्रिभुवन ने कमलेश से दूसरी शादी कर ली। कमलेश से रूबी (15) और सूरज (10) हुए। वह खेती किसानी के बूते परिवार का भरण पोषण कर रहा था। परिवार में सब ठीक चल रहा था।
अप्रैल 2018 में बेटी शुभी की शादी भी तय हो गई। मगर छह माह पूर्व आगरा में प्राइवेट जाब कर रहे उसके बड़े बेटे आशीष ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। तब त्रिभुवन मानसिक और आर्थिक रूप से टूट गया। वह अवसाद में रहने लगा। 19 फरवरी को उसकी बेटी की शादी के लिए तिलक जाना था। घर पर तैयारियां चल रही थी। मगर रविवार रात घर से खाना खाकर मटर की फसल की रखवाली करने निकले त्रिभुवन ने अपने खेत के बगल आम के पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने उसे फांसी पर लटका देखा। जिसके बाद उसके घरवालों व पुलिस को सूचना दी गई।