नैय्या नाले में डूबे युवक का शव बरामद
दोनों नैय्या नाले में नहाने गए थे। तभी अंशू गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
रायबरेली : शनिवार को नहाते समय नैय्या नाले में डूबे युवक का शव रविवार की सुबह बरामद कर लिया गया।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर समरहदा गांव का रहने वाला अंशू मौर्य (18) अपनी मामा की ससुराल पूरे भोला मजरे भयखला में राम किशोर मौर्य के घर आया था। शनिवार दोपहर वह अपने एक अन्य साथी अरुण के साथ घर से निकला था। दोनों नैय्या नाले में नहाने गए थे। तभी अंशू गहरे पानी में चला गया और डूब गया। ग्रामीण व पुलिस उसे शनिवार से ही खोज रहे थे और गोताखोर भी बुलाए गए थे। रविवार की सुबह घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अहिरन कोड़ा मजरे पिडारी खुर्द के पास युवक का शव नाले में पड़ा देखा तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल अरुण कुमार सिंह ने बताया कि युवक का शव नया नाले में ही उतराता हुआ मिला है।