दिसंबर तक तीन, उसके बाद रखिए सिर्फ दो असलहे
शुक्रवार को जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना ने आदेश जारी किया
रायबरेली : असलहों से घर की अलमारियां और दीवारें सजाने वाले शौकीनों के लिए यह एक बुरी खबर है। वे अब दिसंबर तक ही तीन शस्त्र रख सकेंगे। इसके बाद अधिकतम दो असलहे रखने की अनुमति होगी। शेष एक शस्त्र जमा करना पड़ेगा।
पहले एक व्यक्ति तीन असलहों का मालिक बन सकता था। बाकायदे इसके लिए लाइसेंस जारी होते थे। मगर, अब शासन ने इसमें कुछ परिवर्तन किया है। इसके मुताबिक अब दो असलहे ही लोग रख पाएंगे। जिनके पास तीसरा शस्त्र है भी तो उन्हें उसे जमा करना पड़ेगा। इसी के मद्देनजर शुक्रवार को जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना ने आदेश जारी किया। यह खासकर उन लाइसेंसधारी शस्त्र मालिकों के लिए है, जो तीन असलहे रखते हैं। इसमें कहा गया है कि हर हाल में तीसरा असलहा 13 दिसबंर तक जमा कर दिया जाए। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर शस्त्रधारक 29 जून तक अपने लाइसेंस का यूआइ नंबर राष्ट्रीय डाटा बेस पर दर्ज करा दें।