एडीएम की पत्नी सहित पांच लोगों की कोरोना से मौत
रायबरेली कोरोना से पांच लोगों की जान चली गई। इनमें एडीएम वित्त एवं राजस्व की पत्नी भी शामि
रायबरेली : कोरोना से पांच लोगों की जान चली गई। इनमें एडीएम वित्त एवं राजस्व की पत्नी भी शामिल हैं, जिनका इलाज मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ में चल रहा था। 381 मरीज स्वस्थ हुए हैं। संक्रमितों की संख्या भी 237 है, जोकि पिछले सप्ताह चार सौ के पार पहुंच रही थी। लॉकडाउन का असर दिख रहा है। सही से इसका अनुपालन हो तो संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सकता है। एक और अच्छी खबर है। जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे गए हैं। महामारी के इस दौर में सुरक्षा नियमों के अनुपालन का आग्रह स्वास्थ्य विभाग लगातार आमोखास से कर रहा है। शहर हो या ग्रामीणअंचल, बीमारी की गंभीरता को लोग ठीक से समझ नहीं रहे हैं। जागरूकता की कमी की वजह से कोरोना की दूसरी लहर ने जमकर कहर बरपाया। कई परिवारों ने अपनों को खो दिया। किसी को बेड नहीं मिला तो कोई ऑक्सीजन की कमी से हाथ धो बैठा। ऐसी विषम परिस्थितियों में जब लाकडाउन लगा तो हालात कुछ हद तक सुधरते नजर आ रहे हैं। जनपद में अब तक 14756 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 11567 बीमारी को मात दे चुके हैं। सक्रिय केस 2947 हैं। अब तक 273 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है।
एडीएम ने चिट्ठी पोस्ट कर मांगी थी मदद
24 अप्रैल को एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रेम प्रकाश उपाध्याय ने जिला सूचना विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप में चिट्ठी पोस्ट करके इलाज के लिए मदद मांगी थी। चिट्ठी वायरल हुई तो स्वास्थ्य विभाग जागा। एडीएम को छोड़कर उनकी पत्नी व बच्चों को रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। बाद में एडीएम भी पॉजिटिव हो गए। एडीएम, उनकी पत्नी और बेटे का इलाज मेदांता में चल रहा था। वहीं इलाज के दौरान मंगलवार की रात उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में लगेगा ऑक्सीजन प्लांट करीब 20 लाख की लागत से जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पत्र जारी करके आवेदन मांगे हैं। प्लांट लगने पर यहां से प्रतिदिन 15 से 20 जंबो ऑक्सीजन सिलिडर रिफिल किए जा सकेंगे। दूसरा प्लांट 50 लाख की लागत से एल-2 हॉस्पिटल में लगना है।