लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर भाजपा नेता अनीता श्रीवास्तव पर जानलेवा हमला, वाहन को घेरकर चालक को पीटा; 50 के खिलाफ थाने में तहरीर
रायबरेली हवाई फायरिंग व सोने की चेन लूटने का आरोप। बीजेपी नेता पर फायर करने की कोशिश। बताया कि राजनीतिक रंजिश के चलते हत्या का प्रयास। 50 लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई। सदर विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी एडवोकेट अनीता श्रीवास्तव।
रायबरेली, जेएनएन। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर कल्लू का पुरवा के निकट मंगलवार की रात बीजेपी नेता पर बदमाशों ने हमला कर दिया। रात भर मिल एरिया थाने में इस मामले को लेकर गहमागहमी रही। 50 लोगो के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा चुकी है।
ये है पूरा मामला
सदर विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी एडवोकेट अनीता श्रीवास्तव मंगलवार को निमंत्रण में कल्लू का पुरवा गई थीं। वहीं पर कुछ लोग भाजपा का झंडा लगाकर चलने की बात पर भिड़ गए। उन्होंने वाहन में तोड़फोड़ की व फायरिंग भी की। चालक ने बीच बचाव किया तो असलहे के बट से उसपर हमला किया गया। आरोप है कि हमलावर असलहों से लैस थे। सोने की चेन भी छीन ले गए। बीजेपी नेता पर फायर करने की कोशिश की गई। एसपी को फोन करने की बात पर हमलावर वहां से भाग गए। रात में ही अनीता मिल एरिया थाना पहुंची और चार नामजद समेत 50 अज्ञात बदमाश के खिलाफ तहरीर दी। बताया कि राजनीतिक रंजिश के चलते उनकी हत्या करने की कोशिश की गई है। आरोपितों को अतिशीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
क्या कहते हैं एसओ ?
एसओ धर्मेंद्र दुबे का कहना है कि अनीता के ड्राइवर के साथ मारपीट हुई है। फिर भी जो तहरीर है, उसी आधार पर एफआईआर लिखी जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।