चार दिन से लापता मजदूर का नाले में मिला शव
लालगंज (रायबरेली) चार दिन से लापता एक मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव रविवा
लालगंज (रायबरेली): चार दिन से लापता एक मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव रविवार को कस्बे के एक नाले में पड़ा मिला। पुलिस अफसरों के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंच कर छानबीन की। हर पहलू पर पड़ताल के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
कस्बे में बाईपास रोड से लगभग तीन सौ मीटर दूर पूरे बाबा मुहल्ले में एक नाला है। मुहल्ले की रहने वाली पूर्णिमा शुक्ला रविवार की दोपहर पड़ोसी संतोष शुक्ला के घर पानी भरने जा रही थी। तभी नाले से दुर्गंध आती दिखी। वह नाले के करीब पहुंची तो वहां शव पड़ा दिखा। सूचना पर क्षेत्राधिकारी इंद्रपाल सिंह, कोतवाल विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की छानबीन की। इसके बाद शव निकलवाया गया। एएसपी नित्यानंद राय ने भी पहुंच कर मौका मुआयना किया। उसके मुंह से खून निकला था। सीने में भी खरोंच के निशान पाए गए। इसके अलावा शव की स्थिति देख उसके तीन दिन पुराने होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
दस्तावेजों से हुई शिनाख्त
मृतक की पैंट की जेब से पॉलीथिन में आयुष्मान योजना का कार्ड व डायरी मिली थी। जिसमें उसका नाम रामखेलावन वर्मा निवासी अलीपुर चलरई, पो.कुरौली बुधकर थाना गदागंज लिखा था। डायरी में लिखे मोबाइल नंबर पर पुलिस ने संपर्क किया तो उसकी शिनाख्त हो गई।
बुधवार से नहीं लौटा था घर
श्रमिक के परिवारजनों का कहना है कि राम खेलावन मजदूरी करने रोज लालगंज आता था। बुधवार को घर से निकला था उसके बाद वापस नहीं लौटा। मृतक के भांजे अनिल ने बताया कि रामखेलावन को मिर्गी के दौरे आते थे। कोतवाल विनोद सिंह ने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।