टायफाइड से पीड़ित सिपाही समेत तीन और कोरोना संक्रमित
- पुलिस लाइंस परिसर में ही रहता था सिपाही एल-1 हॉस्पिटल भेजे गए तीनों मरीज
रायबरेली : शु्क्रवार को तीन नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से एक सिपाही और एक सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। तीनों बीमारों को एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पूर्व में कोरोना पॉजिटिव मिले तीन लोगों को स्वस्थ होने पर घर भेजा गया है। अभी सक्रिय केस 41 ही हैं। कुल मामले 180 हो गए हैं। जिनमें से 134 स्वस्थ हो चुके हैं।
न्यायालय सुरक्षा में ड्यूटी करने वाले 35 वर्षीय सिपाही की तीन दिन पहले तबीयत खराब हुई। प्रारंभिक जांच में टाइफाइड की पुष्टि हुई। इस पर उसके साथियों ने साथ-साथ कोरोना जांच कराने की भी सलाह दी। उसने जिला अस्पताल में सैंपलिग कराई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। वह पुलिस लाइंस परिसर में ही सात नंबर ब्लॉक में रहता था। उसके संपर्क में आने वाले सात सिपाहियों को क्वारंटाइन केंद्र भेजा गया है। पुलिस लाइंस परिसर को सैनिटाइज कराया जा रहा है। यहां आने-जाने वाले सभी लोगों की लगातार थर्मल स्कैनिग कराई जा रही है। प्रतिसार निरीक्षक बीके सिंह ने बताया कि कोरोना को लेकर विशेष एहतियात बरती जा रही है। सिपाही की कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है। बुखार होने के चलते वह तो एक सप्ताह से ड्यूटी पर भी नहीं गया था।
दूसरा केस डलमऊ क्षेत्र में मिला है। सीएचसी परिसर में बने आवास में सेवानिवृत्त महिला कर्मी रहती हैं। छह माह पहले ही वह रिटायर हुईं मगर, अभी उन्होंने अपना सरकारी आवास नहीं छोड़ा है। चार जुलाई को पैर फिसलने के कारण उन्हें चोट लग गई थी। इलाज के लिए उनको लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां कोरोना जांच की गई। जिसकी पॉजिटिव रिपोर्ट शनिवार को आई। वह अभी लखनऊ में ही निजी अस्पताल में भर्ती है। मगर, एहतियातन पूरे सीएचसी परिसर को सैनिटाइज करा दिया गया है। उसके संपर्क में आने वाले दस लोगों को क्वारंटाइन केंद्र भेजा गया है। इनके अलावा शहर के सर्वोदय नगर में 17 वर्षीय किशोरी भी कोरोना संक्रमित मिली है। इनसेट--- शहर में सैनिटाइजेशन शनिवार की सुबह शहर के मुख्य चौराहों, बाजारों और मुहल्लों में सैनिटाइजेशन कराया गया। इसकी शुरुआत मलिकमऊ से की गई। फिर सिविल लाइंस, डिग्री कॉलेज, हाथी पार्क, अस्पताल चौराहा, घंटाघर, सुपर मार्केट और बस स्टॉप पर भी कोरोना से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराया गया।