पहले जमाती का सैंपल निगेटिव, 48 की रिपोर्ट का इंतजार
रायबरेली कोरोना को लेकर प्रशासन जबरदस्त सतर्कता बरत रहा है। दिल्ली से लौटे 49 जमातियों
रायबरेली : कोरोना को लेकर प्रशासन जबरदस्त सतर्कता बरत रहा है। दिल्ली से लौटे 49 जमातियों की लगातार निगरानी कर उनका क्वारंटाइन कराया जा रहा है। इनमे से एक जमाती की रिपोर्ट निगेटिव आने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। वहीं प्रवासियों को गांव के स्कूलों से निकालकर ब्लॉक स्तर पर कॉलेजों में ठहराया जा रहा है, ताकि क्वारंटाइन का सही से अनुपालन कराया जा सके।
शुक्रवार को जनपद में एक साथ 48 जमाती मिले तो जिम्मेदार सकते में आ गए। ये सभी दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में शामिल होकर लौटे थे। पहले इन सभी की सैंपलिग कराई गई। फिर इनको फिरोज गांधी पॉलीटेक्निक कॉलेज में रोककर क्वारंटाइन शुरू करा दिया गया। इन सभी की रिपोर्ट रविवार को आने की संभावना है। जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। इन 48 जमातियों से पहले भी एक शख्स शहर में मिला था, जो जमात से लौटा था। उसका सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट में कोरोना का पुष्टि नहीं हुई है। उसे भी आइसोलेशन वार्ड से निकालकर पॉलीटेक्निक कॉलेज भेज दिया गया है। इन जमातियों की मेडिकल रिपोर्ट पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इनसेट--
अब कैसे भागोगे घर
बाहर से आने वाले लोगों को गांव स्तर पर सरकारी स्कूलों और पंचायतों में रोकने की व्यवस्था पूर्व में की गई। वहां रहने और खाने की व्यवस्था होने के बावजूद प्रवासी अपने घर भाग जाते थे। इस पर प्रशासन ने मुकदमे भी लिखाए मगर, परिणाम सार्थक नहीं आए। जिसके बाद निर्णय लिया गया कि ब्लॉक स्तर पर इंटर और डिग्री कॉलेजों में 100-100 की संख्या में इन्हें रोका जाए। इसके लिए ग्रामीणअंचल में 72 व शहर क्षेत्र में 18 कॉलेज चिन्हित कर यहां लोगों को शिफ्ट कराया जा रहा है। घर भागने वालों के लिए अब क्वारंटाइन सेंटर से निकलना आसान नहीं होगा। शनिवार तक जनपद में आने वाले प्रवासियों की संख्या 12438 पहुंच गई।