पेट्रोल पंप मैनेजर पर धोखाधड़ी का आरोप
आरोप है कि पेट्रोलपंप से उसने लाखों रुपये का पेट्रोल- डीजल उधार बेच दिया
रायबरेली : सेमरपहा स्थित पेट्रोलपंप में काम करने वाले मैनेजर पर धोखाधड़ी का आरोप है। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप नारायना फिलिग स्टेशन उसकी पुत्री डॉ. शिल्पी सिंह के नाम है। अंबारा पश्चिम निवासी अभिनव सिंह जनवरी 2018 से जनवरी 2020 तक मैनेजर के रूप में कार्यरत था। पेट्रोल-डीजल की बिक्री आदि का हिसाब वही रखता था। आरोप है कि पेट्रोलपंप से उसने लाखों रुपये का पेट्रोल- डीजल उधार बेच दिया। बकाएदारों से जब वसूली के लिए गए तो जानकारी हुई कि अभिनव रुपये ले चुका। कोतवाल अरुण सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शारदा नहर में मिली महिला की लाश रायबरेली: भदोखर थाना क्षेत्र में भांव गांव के निकट शारदा नहर में रविवार सुबह महिला का शव उतराता मिला। देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। उसने आत्महत्या की या फिर उसके साथ वारदात हुई है, ये पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
भांव के पास पुलिया के नीचे उक्त महिला की लाश मिली है। ग्रामीणों ने शव देखने के बाद पुलिस को सूचित किया। महिला की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके तन पर मैक्सी मिली है, आंख के पास चोट के निशान भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि बॉडी ज्यादा दूर से बहकर नहीं आई है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थानों के साथ ही सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। निरीक्षक रामशीष उपाध्याय ने बताया कि शिनाख्त होने पर केस से जुड़ी कई बातें सामने आ जाएंगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। हम पूरा प्रयास कर रहे हैं कि उसकी पहचान हो जाए।