दूल्हे और सुसर को नशे में टुन्न देख चढ़ा दुल्हन का पारा, मंडप से लौटाई बरात
रायबरेली के गोथिया जमुनापुर में पति के मुंह से दारू की गंध पर दुल्हन के सब्र का बांध टूट गया और दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। बरात बैरंग वापस हो गई।
रायबरेली, जेएनएन। दूल्हे के हाथों में जयमाला थी, पर दुल्हन पहनने को राजी न हुई। वजह थी कि सामने खड़े ससुर तो नशे में लहरा ही रहे थे, लेकिन होने वाले पतिदेव के मुंह से भी दारू की गंध आ रही थी। मामला बिगड़ा तो मनाने-रिझाने का दौर चला, लेकिन बात न बनी। फिर पुलिस भी बुलाई गई। उसकी भी कोशिश नाकाम हो गई। आखिरकार दूल्हे राजा को बैंडबाजे और बरातियों संग लौटना पड़ा।
ये है पूरा मामला
मामला सलोन थानाक्षेत्र के गोथिया जमुनापुर का है। यहां के रहने वाले अविनाश की बरात मंगलवार की रात बड़े धूमधाम से बिन्नावां निवासी विजय कुमार के घर पहुंची। लड़के के पिता सुरेश कुमार ने जनवासे में बरातियों के लिए रजाई-गद्दे की व्यवस्था न होने की शिकायत की तो लड़की के पिता ने सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल होने की बात कही। लड़की के पिता ने बताया कि दूल्हा व उसके पिता दोनों शराब के नशे में होने के कारण किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। बातों ही बातों में विवाद बढ़ा तो दूल्हे के पिता ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
दुल्हन का सब्र टूटा और शादी से इन्कार
जयमाल मंच पर बैठी दुल्हन चुपचाप सभी की बातों को देख-सुन रही थी। जैसे ही उसे यह मालूम हुआ कि दूल्हे ने भी शराब पी रखी है। उसका सब्र टूट गया और उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। बात बिगड़ती देख ग्रामीणों ने जगतपुर थाना प्रभारी को मामले की सूचना दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लड़की ने शराबी दूल्हे के साथ विवाह करने से साफ इन्कार कर दिया।
दूल्हा और ससुर नशे में टुन्न
जगतपुर थाना प्रभारी बृजमोहन ने बताया कि बरात में विवाद होने की सूचना मिली थी, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि लड़का व लड़के का पिता शराब के नशे में हैं। लड़की ने लड़के के साथ विवाह से मना कर दिया। जिस पर शादी समारोह में आए खर्च को लड़के पक्ष से दिला कर मामला निस्तारित करा दिया गया है।