भाजपा नेता पर हमला, गोलीबारी
-चालक को पीटा सोने की चेन छीनने का आरोप -छह नामजद आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज दो से पूछताछ
रायबरेली : निमंत्रण में शामिल होने गईं भाजपा नेता पर मंगलवार की रात हमला किया गया। इस दौरान चालक की पिटाई कर गोलीबारी किए जाने का भी आरोप है। पुलिस ने छह नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना मिल एरिया थाना क्षेत्र में हुई। पीड़ित नेता ने बताया कि हमलावरों में कई शातिर बदमाश और इनामी हैं। घटना के बावजूद उन्हें सुरक्षा नहीं प्रदान की गई।
इंदिरा नगर की रहने वाली अनीता श्रीवास्तव को गत विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सदर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ाया था। इनका कहना है कि रात में वह तिलक समारोह में शामिल होने कल्लू का पुरवा गई थीं। पहुंचते ही 12 से 15 लोगों घेर लिया। वाहन में पार्टी का झंडा लगाने पर एतराज जताया और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर असलहों से फायरिग शुरू कर दी। इसमें उनकी जान बाल-बाल बची। बीच-बचाव करने आए चालक विशाल के साथ हमलावरों ने मारपीट की। इस बीच किसी ने गले से सोने की चेन खींच ली। पुलिस अधीक्षक को सूचना देने के बाद जब मिल एरिया पुलिस पहुंची तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
इनसेट चालक से हुआ विवाद, फायरिग नहीं भाजपा नेता के वाहन चालक और आरोपित एक दूसरे से अच्छी तरह परिचित थे। चालक से ही किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। प्रारंभिक पड़ताल में फायरिग और चेन छीनने जैसी बात सामने नहीं आई है। मोहित, दीपक, अंकुर, सचिन, अनूप, अंकित व छह-सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
धर्मेंद्र दुबे
थाना प्रभारी, मिल एरिया