चीन के खिलाफ नहीं थम रहा आक्रोश, किया प्रदर्शन
नारेबाजी कर चीनी सामग्री के बहिष्कार का आह्वान किया। साथ ही चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंका।
रायबरेली : चीन सेना के कायराना हरकत से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहीद हुए जवानों को अलग-अलग संगठनों ने श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही कई जगह प्रदर्शन कर चीन निर्मित सामानों के बहिष्कार के नारे लगाए। शक्ति नगर मुहल्ले में चुनमुन मंदिर के पास लोगों ने चीनी सामान की होली जलाई। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ, ब्राह्मण समाज महासभा, कांग्रेस पार्टी समेत विभिन्न संगठनों की ओर से शहीद स्मारक में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। लालगंज में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने कस्बे के करुणा बाजार चौराहे पर चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंका। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष विवेक शर्मा की अगुवाई में व्यापारियों ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पैदल मार्च किया। विश्व हिदू परिषद के प्रांतीय मंत्री रामगोपाल त्रिपाठी के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला गया। वहीं खीरों कस्बे के शास्त्री नगर स्थित श्री दुर्गा बाल विद्या मंदिर विद्यालय में शिक्षकों ने मोमबत्ती जलाकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।