गरजेंगे-चमकेंगे बदरा, बूंदाबांदी के भी आसार
रायबरेली सर्दी जा रही है मगर आधे रास्ते से वह लौट सी आती है। मौसम का उतार-चढ़ाव लोग
रायबरेली : सर्दी जा रही है, मगर आधे रास्ते से वह लौट सी आती है। मौसम का उतार-चढ़ाव लोगों को एक राय नहीं होने दे रहा है। बीते सप्ताहभर से दिन में खिलती धूप ने जाड़ा जरूर कम किया। कितु सुबह और रात में कोहरा छकाता रहा। बीते दो दिनों से बर्फीली हवाएं भी धूप की तेजी को कम करती रहीं। लेकिन, अब एक बार फिर मौसम ने पलटी मार दी है। मंगलवार को धूप-छांव का खेल चलता रहा। जबकि बुधवार को बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं।
पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। उसका असर मैदानी इलाकों में भी दिख रहा है। तगड़ी धूप को बर्फीली हवाएं बेअसर कर रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम एकबार फिर रुख बदल रहा है। मंगलवार को बादल उमड़ते घुमड़ते रहे। बीच-बीच में सूर्यदेव की तेज किरणें भी आती-जाती रहीं। गर्मी और सर्दी का दिन में मिलाजुला असर बना रहा। लेकिन, शाम होते-होते सर्द हवाएं लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर करती रहीं। उधर, जो लोग धूप देखकर स्वेटर और मफलर, टोपी से दूरी बना रहे थे, वे फिर उन्हीं ऊनी कपड़ों से लिपटने लगे। इधर, बुधवार को एक बार फिर बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। ऐसा मौसम तो पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिखेगा। रायबरेली में भी वही नजारा दिखाई पड़ेगा। ऐसा मौसम विज्ञानियों का दावा है। हां, सुबह के समय कुछ देर के लिए सूर्यदेव के दर्शन होंगे। बाद में गरज चमक के साथ बरसात होने की पूरी संभावना है। बुधवार को तापमान में भी उतार चढ़ाव दिखा। दिन में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस ही रहा।