गरीबों को रास नहीं आए आवास, 64 आवंटन निरस्त
रायबरेली : बसपा शासनकाल की महत्वाकांक्षी कांशीराम आवास योजना में बने आवास गरीबों को रास
रायबरेली : बसपा शासनकाल की महत्वाकांक्षी कांशीराम आवास योजना में बने आवास गरीबों को रास नहीं आ रहे हैं। डूडा की ओर से कई बार नोटिस भेजने के बावजूद सूची में शामिल इन लोगों ने आवंटन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। इस पर 64 लोगों को आवंटित आवासों को निरस्त कर दिया गया है। अब नए सिरे पर आवंटन किया जाएगा।
नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से खोर और देवानंदपुर में कांशीराम आवास बनाए गए हैं। इनका आवंटन बसपा शासनकाल में लॉटरी के माध्यम से किया गया था। करीब छह साल हो चुके हैं। इनमें से 64 लोग ऐसे भी शामिल हैं, जिनका पात्रता सूची में नाम हैं, लेकिन अभी तक आवंटन प्रक्रिया पूरी नहीं की। डूडा की ओर से लगातार इन लोगों को नोटिस भेजा जा रहा था। इसके बावजूद कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई गई।
डूडा परियोजना अधिकारी सुधाकांत ने बताया कि अंतिम नोटिस में दो महीने का समय दिया गया था, जो पूरा हो गया है। इसके बाद सभी 64 आवासों का आवंटन निरस्त कर दिया गया है। जल्द ही कमेटी बनाकर नए आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें पात्र लोगों का चयन नियमानुसार किया जाएगा।