20 कोरोना संक्रमित, 24 स्वस्थ
24 लोग स्वस्थ हो गए हैं जो पहले संक्रमित मिले थे
रायबरेली : मंगलवार को कोरोना के 20 पॉजीटिव केस मिले। 24 लोग स्वस्थ हो गए हैं, जो पहले संक्रमित मिले थे। सक्रिय केस 267 बचे हैं।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि सीएचसी महराजगंज, राजकीय इंटर कॉलेज महराजगंज, सिधौना अमावां, खीरों, अटौरा, प्रगतिपुरम, हरदोई, गुरु नानक नगर, रोखा डीह, जिला अस्पताल, सान्हूकुआं, सत्य नगर, सब्जी मंडी में संक्रमित मिले हैं। अधिकांश को होम आइसोलेट किया गया है। संक्रमण फैलने की गति कम हुई है। इसके बावजूद हमने सावधानी बरतनी है। सुरक्षा नियमों का पालन करें। मास्क जरूर लगाएं और शारीरिक दूरी का ध्यान रखें। कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। ठंड के साथ ही इसके हमले का अंदेशा पूर्व में ही लगाया जा चुका है।
संक्रमित महिला अस्पताल से फरार रायबरेली : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 69 लोगों का कोरोना से संबंधित स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें एक महिला संक्रमित पाई गई। इस दौरान चिकित्सकों को चकमा देकर अस्पताल से भाग गई। इधर-उधर तलाश किया गया, लेकिन पता नहीं चल सका।
कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. सत्यपाल सिंह ने बताया है कि 69 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ है। इसमें 68 लोग स्वस्थ पाए गए। नवाबगंज की एक महिला अपनी बहू को लेकर डिलीवरी के लिए आई थी। जांच में संक्रमित पाई गई। सभी रोगियों और तीमारदारों का पहले कोरोना परीक्षण किया जाता है। इसके बाद उपचार किया जाता है। इसमें महिला और उसकी बहू का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। महिला के कोरोना संक्रमित आने पर अलग बरामदे में बैठा दिया गया। थोड़ी ही देर बाद अचानक वह गायब हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला के घर पहुंची, लेकिन कहीं अता पता नहीं चला।