तीसरे दिन मां के चंद्रघंटा स्वरूप का किया पूजन
वासंतिक नवरात्र में मां के भक्त उनके दर्शन करके निहाल हो रहे हैं। उनकी आरती गा रहे हैं। भजन कीर्तन कर रहे हैं। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
जासं, प्रतापगढ़ : वासंतिक नवरात्र में मां के भक्त उनके दर्शन करके निहाल हो रहे हैं। उनकी आरती गा रहे हैं। भजन कीर्तन कर रहे हैं। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
नवरात्र के तीसरे दिन भक्तों ने मां के चंद्रघंटा स्वरूप का पूजन किया। उनसे जीवन में सुख-सौभाग्य मांगा। कोरोना के नाश की भी प्रार्थना की। नगर के मां बेल्हा देवी धाम में भोर से ही महिला-पुरूष भक्त पहुंचने लगे। गेट पर सैनिटाइज होकर पांच-पांच की संख्या में प्रवेश करके दर्शन किया। पुजारी राजा पंडा ने उनको दर्शन कराया तथा कोरोना से बचने के उपाय करने पर बल दिया। इधर मां के धाम की भव्य सजावट देखते ही बन रही है। झालरों से की गई सजावट की चमकती छवि सई नदी के पानी में उतर आती है तो लगता है कि दो-दो मंदिरों में माता रानी विराजी हैं। लोग अपलक देखते ही रहते हैं। इसके साथ ही बलीपुर के दुर्गा मंदिर में शाम को व भोर में आरती हो रही है। मां की पूजा की जा रही है।
--
प्यारा सजा है तेरा दरबार भवानी..
संसू रानीगंज : सई किनारे मां वाराही देवी धाम में लोग पहुंच रहे हैं। आयु की रक्षा करने वाली मां के चरणों में माथा टेकने के लिए श्रद्वालु कतार में लग रहते हैं। नवरात्र में गुरुवार को मां वाराही देवी धाम पर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद मांगा। यहां कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए एक बार में पांच लोगों को दो गज शारीरिक दूरी के साथ अंदर जाने दिया जा रहा है। गुजरात से आए मां वाराही सेवा समिति चैरिटेबल ट्रस्ट के लोग भक्तों को दर्शन कराने के साथ प्रसाद ग्रहण करा रहे हैं। प्रेम शंकर गिरि, दादा भाई, भोला गिरि राज नारायन, मनीराम, धीरज, सुरेंद्र व कृपा शंकर गिरि आदि भक्तों को मां वाराही की महिमा के बारे में भी बता रहे हैं। प्रेम शंकर गिरि व दादा भाई ने भक्तों को मास्क वितरण किया। कहा कि मां वाराही के दर्शन के लिए मास्क लगाकर ही आएं। समाजसेवी प्रवीण मिश्रा, सुदामा महराज ने भी मास्क वितरण किया। राजकीय आर्युवेदिक चौहरजन के चिकित्सक डॉ. शिव शंकर प्रसाद अग्रवाल ने भक्तों का परिक्षण किया और दवा वितरण किया। मां दुर्गा देवी के मंदिरों में सुबह शाम मां दुर्गा सप्तशती पाठ किया जा रहा है।
---
चुनरी चढाकर आशीर्वाद मांग रहे भक्त
संसू, लालगंज : क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों नवरात्र के तीसरे दिन भी श्रद्वालुओं ने दर्शन-पूजन किया। श्रद्वालुओं ने देवी मां को चुनरी, नारियल आदि चढाकर आशीर्वाद मांगा। कोरोना गाइड लाइन के तहत मंदिरों में श्रद्वालुओं को मास्क के साथ बारी-बारी से प्रवेश दिया जा रहा है। बाबा घुइसरनाथ धाम में भी श्रद्वालुओं की आस्था कोरोना महामारी के भय को मात देती दिखी। क्षेत्र के इनहन भवानी धाम में भी श्रद्वालुओं ने देवी के दर्शन पूजन किए। यहां आचार्य राजेश मिश्र के संयोजन में श्रद्वालुओं को मास्क भी वितरण किया गया। वही गुम्मौर स्थिति देवी धाम तथा कल्याणपुर ढिगंवस व सांगीपुर वार्ड में मां काली के मंदिर में श्रद्वालुओं ने दर्शन पूजन किया। वही महिलाओं में देवी मंदिरों में आते जाते समय परम्परागत देवी गीतों की गुनगुनाहट भी दिखी। हालाकि कोरोना को लेकर लोग जरूर सर्तक दिखे, लेकिन किसी भी धार्मिक स्थल पर पुलिस अथवा स्वास्थ्य महकमें की ओर से कोई सतर्कता बरती जाती नही दिखी।