महिला फांसी से लटकी मिली, चारपाई पर बेटी भी मरी मिली
लालगंज कोतवाली लालगंज के अलीपुर गांव में शुक्रवार दोपहर महिला फांसी से लटकी मिली और उ
लालगंज : कोतवाली लालगंज के अलीपुर गांव में शुक्रवार दोपहर महिला फांसी से लटकी मिली और उसकी मासूम बेटी का शव बगल के मकान में पाया गया। इस तरह मां-बेटी की सनसनीखेज तरीके से मौत की जानकारी मिलते ही सनसनी फैल गई। महिला कुछ दिन पहले ही मायके आई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यह मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ गया है। पुलिस जांच में लगी है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी रामकिशोर साहू (80) ने अपनी इकलौती संतान ममता (25) का विवाह नवाबगंज थाना क्षेत्र के घूंघुर (लवाना भवानी) गांव निवासी मनोज साहू के साथ किया था। ममता को एक माह की बेटी थी और वह करीब एक माह पहले ही मायके में रहने आई थी। रामकिशोर शुक्रवार को करीब 11 बजे बाजार चला गया। वह बेटी तथा नातिन के लिए कपड़े खरीदकर अपराह्न करीब तीन बजे घर लौटा। वह जैसे ही घर में प्रवेश किया तो सामने के कमरे की छत पर लगे टिन के एंगिल में फंदे से बेटी लटकी मिली। वह सन्न रह गया। उसके शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने उसकी बेटी की तलाश शुरू की तो वह इस मकान के बगल रामकिशोर के दूसरे मकान के कमरे में चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी दिखी। मां-बेटी की मौत की जानकारी होते ही गांव में खलबली मच गई। ग्रामीणों की वहां भीड़ जुट गई। पुलिस के पहुंचने के पहले ही गांव के लोगों ने मृतका का शव फंदे से उतार लिया था। घटना की जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मां-बेटी की मौत को लेकर गांव में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हत्या की आशंका में लोग ममता व उसकी मासूम बेटी की मौत को अकेली संतान होने के कारण संपत्ति से भी जोड़ रहे हैं। कोतवाल कमलेश पाल का कहना है कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो जाएगा कि मामला क्या है।
---
कई सवाल, पुलिस जिसका ढूंढ रही जवाब
महिला ममता का शव जिस मकान में लटका पाया गया, उसकी छट टिन शेड की थी। आत्महत्या करने वाला हमेशा कमरा अंदर से बंद कर लेता है। इस मामले में कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। महिला का ना तो ससुराल पक्ष से कोई विवाद था और ना ही मायके में ही कोई विवाद का मामला अभी तक निकल कर सामने आया है। ऐसे में आत्महत्या करने का मामला प्रथम ²ष्टया पुलिस के गले भी नहीं उतर रहा है। पुलिस अभी इस मामले में जांच कर रही है, कुछ तो ऐसी गड़बड़ है, जिसकी तलाश बिना तह तक गए नहीं हो सकती।
-----
पति नोएडा में करता है नौकरी, बेटी की थी तबियत खराब
ममता का पति मनोज नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी मासूम बेटी की तबीयत खराब चल रही थी। उसका इन दिनों इलाज चल रहा था। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति नोएडा से चल दिया है। ससुराल पक्ष के लोग भी घटना की जानकारी मिलते ही पहुंच गए। पुलिस ने उनसे भी पूछताछ की है। हालांकि कोई आधार नहीं मिला, अब पुलिस की नजर महिला के मायके में ही गड़ी है, हो ना हो इस घटना को अंजाम देने वाला कोई बहुत नजदीकी भी हो सकता है।