युवती की गोली मारकर की हत्या, सनसनी
फतनपुर थाना क्षेत्र के सुरवा मिश्रपुर (ललई का पूरा) गांव में घर से शुक्रवार की रात निकली युवती की हत्या की कर दी और शव गन्ने के खेत में फेंक दिया। घटना से शनिवार को सुबह इलाके में सनसनी फैल गई। परिवारीजन किसी से रंजिश नहीं बता रहे हैं। ऐसे में घटना की वजह की जांच में पुलिस जुट गई है।
संवाद सूत्र, सुवंसा : फतनपुर थाना क्षेत्र के सुरवा मिश्रपुर (ललई का पूरा) गांव में शुक्रवार की रात घर से निकली युवती की गोली मारकर हत्या की कर दी और शव गन्ने के खेत में फेंक दिया। घटना से शनिवार को सुबह इलाके में सनसनी फैल गई। स्वजन किसी से रंजिश नहीं बता रहे हैं। ऐसे में घटना की वजह की जांच में पुलिस जुट गई है।
ललई का पूरा गांव निवासी सब्जी विक्रेता अमर बहादुर पटेल की बेटी सुनीता पटेल (20) अपनी छोटी बहन करिश्मा के साथ शुक्रवार की रात लगभग आठ बजे दूध रोटी खायी और फिर वह बगल में बने पक्के मकान में सोने चली गई। जबकि करिश्मा अपनी मां सुरसती के पास कच्चे घर में चली गई। उस समय सुरसती खाना बना रही थी। इसी बीच सुनीता पटेल मौका पाकर बाहर निकली और कमरे में बाहर से ताला बंद करके चली गई। कुछ देर बाद करिश्मा व उसकी मां उस कमरे के बाहर पहुंची, जहां सुनीता सोने गई थी। देखा तो कमरे में बाहर से ताला बंद था। इसके बाद परिवार के लोग रात करीब 11 बजे तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन पता नहीं चला। रात में गोली मारकर सुनीता की हत्या कर दी गई और उसके शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।
शनिवार की सुबह करीब छह बजे करिश्मा शौच के लिए नहर के किनारे गई तो देखा कि इंद्र बहादुर पटेल के गन्ना के खेत में सुनीता का लहूलुहान शव पड़ा था। वह भागकर घर आई और घटना की जानकारी माता-पिता को दी। अमर बहादुर अपनी पत्नी सुरसती व परिवार के लोगों के साथ भागकर घटनास्थल पर पहुंचा। इस बीच घटना की जानकारी होने पर पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतका के पिता ने घटना की सूचना फतनपुर पुलिस को दी।
थोड़ी देर बाद एसओ गणेश प्रसाद सिंह, सीओ अतुल अंजान त्रिपाठी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने देखा कि सुनीता के सिर पर घाव था। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिन में करीब 11 बजे एएसपी सुरेंद्र द्विवेदी, एसपी शिवहरी मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल पर जांच पड़ताल करने के साथ मृतका के स्वजनों और गांव के लोगों से घटना की वजह के बारे में जानने का प्रयास किया। घटना से सुनीता के स्वजन दहशत में हैं। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गोली मारने की बात निकल कर आ गई। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। सीओ अतुल अंजान त्रिपाठी का कहना है कि सुनीता पटेल की हत्या में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। मुकदमा दर्ज करके घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
---
गोली का निशान मिटाने को किया धारदार हथियार से वार
पोस्टमार्टम के दौरान शनिवार को चिकित्सक ने सिर में धारदार हथियार का घाव देखा तो शव को एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। एक्स-रे से यह पता चला कि सुनीता की गोली मारकर हत्या की गई। उसके सिर में एक गोली फंसी थी। गोली का निशान मिटाने के लिए हमलावर ने धारदार हथियार से वार किया था।
---
पिता-भाई का काल भी डिटेल खंगाल रही पुलिस
मृतका सुनीता के पिता अमर बहादुर का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। उनकी बेटी की हत्या की गई है। वह मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करती थी। ऐसे में पुलिस अमर बहादुर और उसके बेटे सुनील के मोबाइल का काल डिटेल खंगाल रही है।
--
इंटर के बाद छोड़ दी थी पढ़ाई
सुनीता ने इंटर पास करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। पांच बहनों व एक भाई में सुनीता चौथे नंबर पर थी। बड़ी बहन अनीता, रीता, संगीता की शादी हो गई है। सुनीता की शादी ढूंढ़ी जा रही थी। सुनीता का पिता अमर बहादुर पटेल व भाई सुनील सब्जी बेचने के साथ चाट की दुकान लगाता है। सुनीता की मौत से उसकी मां सुरसती, बहन करिश्मा व भाई सुनील रो-रोकर बेहाल थे।
--
कैसे पहुंची खेत में
आखिर सुनीता कैसे नहर के किनारे गन्ना के खेत में पहुंची। किसने हत्या की। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही थी। सुनीता स्वेटर पहनी थी और साल भी ओढ़े थी। पैर में चप्पल थे। सिर पर गंभीर चोट थी। हत्या किसने की है। इसकी छानबीन पुलिस कर रही है।